
संवाददाता बृजेन्द्र मौर्य।
फतेहपुर में मिशन शक्ति विशेष अभियान फेज 5.0 के अंतर्गत सरदार बल्लभ भाई पटेल प्रेक्षागृह में सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं नारी सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी रविन्द्र सिंह एवं पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। इस दौरान स्कूली छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर नारी शक्ति का प्रभावशाली प्रदर्शन किया, जिसे लोगों ने खूब सराहा।
जिलाधिकारी रविन्द्र सिंह ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण सुनिश्चित करना है। उन्होंने समाज में सकारात्मक सोच विकसित करने और महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने पर जोर दिया।
पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि जनपद के सभी थानों में मिशन शक्ति केंद्र संचालित हैं, जहां महिला पुलिसकर्मी तैनात रहती हैं। उन्होंने महिलाओं से अपील की कि वे बिना संकोच अपनी समस्याएं पुलिस से साझा करें और हेल्पलाइन नंबर 1090, 112 व 1930 का उपयोग करें।
कार्यक्रम के दौरान दिव्यांग महिलाओं को ट्राई साइकिल और विशेष बच्चों को एमआर किट वितरित की गई। साथ ही विभिन्न महिलाओं को सम्मानित भी किया गया।
इस मौके पर कई अधिकारी, छात्राएं और बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।




