
उदयपुर। विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर लवीना विकास सेवा संस्थान, ओंगना के संस्थापक संचालक भरत कुमार पूर्बिया को आदिवासी समाज की महिलाओं ने रक्षा सूत्र बांधकर सम्मानित किया। इस मौके पर पूर्बिया ने प्रत्येक महिला को साड़ी भेंट की और उनकी रक्षा व सहयोग का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में महिलाओं को संबोधित करते हुए पूर्बिया ने कहा कि आदिवासी समाज असभ्य या अनपढ़ नहीं, बल्कि मानव सभ्यता के वैज्ञानिक निर्माता हैं। आदिवासियों ने पत्थर से हथियार बनाए, अग्नि की खोज की, पहिया बनाया और खेती करना सिखाया।
उन्होंने घोषणा की कि वे 21 जनजाति विधवा और परित्यक्ता महिलाओं को स्मार्ट सिटी में भूमि उपलब्ध कराएंगे। साथ ही, बीएड की डिग्री होने के बावजूद सरकारी नौकरी से वंचित महिलाओं को आर्थिक सहायता प्रदान करेंगे, ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें।
अंत में कुशबा बाई ने धन्यवाद ज्ञापित किया और कार्यक्रम का समापन हुआ।