
✍ संवाददाता – सब तक एक्सप्रेस
दंतेवाड़ा। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज जिला कार्यालय के डंकनी सभाकक्ष में बाढ़, आपदा एवं राहत कार्यों की समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने दंतेवाड़ा, सुकमा, बस्तर और बीजापुर जिलों की स्थिति की विस्तृत जानकारी ली और प्रभावितों की हरसंभव मदद करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि जब तक हालात सामान्य नहीं हो जाते, तब तक राहत और स्वास्थ्य शिविर लगातार संचालित किए जाएं। उन्होंने प्रभावित परिवारों के साथ सतत संपर्क बनाए रखने और स्वास्थ्य सेवाओं को निरंतर जारी रखने पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने निर्देश दिए कि ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार कैंप लगाकर स्वास्थ्य जांच, दवा वितरण और समसामयिक सलाह दी जाए ताकि बीमारियों पर तुरंत नियंत्रण पाया जा सके। मुख्यमंत्री ने सभी कलेक्टरों को बाढ़ प्रभावितों को राहत राशि अविलंब जारी करने के भी आदेश दिए।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की इस पहल से बाढ़ प्रभावितों में उम्मीद और राहत की भावना देखने को मिल रही है।