धीरज पटेरिया ने पूर्व कैबिनेट मंत्री ज्ञान सिंह को अटल कार्यकर्ता सम्मान से किया सम्मानित

ब्यूरो चीफ – राहुल शीतलानी, सब तक एक्सप्रेस
उमरिया। भारत रत्न और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जन्म शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित अटल कार्यकर्ता सम्मान कार्यक्रम के तहत भारतीय जनता युवा मोर्चा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और भाजपा नेता धीरज पटेरिया ने जिले के वरिष्ठ नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री ज्ञान सिंह को ताम्रपत्र एवं शाल-श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया।
गौरतलब है कि ज्ञान सिंह मध्यप्रदेश की राजनीति में लंबे समय से सक्रिय रहे हैं। वे सात बार विधायक, दो बार सांसद, दो बार मंत्री और एक बार विधानसभा अध्यक्ष रह चुके हैं। जनसंघ से लेकर भाजपा तक अपने त्याग, तपस्या और बलिदान से संगठन को सशक्त बनाने वाले नेताओं में उनका नाम प्रमुखता से लिया जाता है।
सम्मान समारोह उमरिया जिले के नौरोजाबाद स्थित उनके निज निवास पर हुआ। इस अवसर पर उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए ज्ञान सिंह ने कहा कि जब वर्ष 1980 में पार्टी का गठन हुआ था, उस समय वे स्वयं मौजूद थे। उन्होंने बताया कि उन्हें भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी द्वारा एक थैला प्रदान किया गया था, जिसे वे आज भी संभालकर रखते हैं। साथ ही उस दौर के अखबार, जिनमें पार्टी गठन की खबर प्रकाशित हुई थी, आज भी उनके पास सुरक्षित हैं।
ज्ञान सिंह ने कहा कि जब भी उन्हें अटल जी की याद आती है, वे उस थैले को प्रणाम करते हैं। उन्होंने भाजपा नेता धीरज पटेरिया को उन्हें अटल कार्यकर्ता सम्मान प्रदान करने के लिए धन्यवाद भी दिया।