सामुदायिक शौचालय केयरटेकरों की समस्याओं पर भड़के भास्कर यादव, चेताया विधानसभा घेराव से।

सब तक एक्सप्रेस
सीतापुर/लहरपुर। एचएमएच डिग्री कॉलेज, लहरपुर में भारतीय समाज सेवा संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष भास्कर यादव ने प्रेस वार्ता कर सामुदायिक शौचालय केयरटेकरों की गंभीर समस्याओं को सामने रखा।
उन्होंने कहा कि केयरटेकरों को मिलने वाला मानदेय न केवल बेहद कम है, बल्कि मनरेगा मजदूरी से भी नीचे है। लंबे समय से सरकार इस मुद्दे पर ध्यान नहीं दे रही। उनका स्पष्ट कहना था कि मानदेय सीधे केयरटेकरों के व्यक्तिगत बैंक खातों में दिया जाए और इसे बढ़ाया जाए।
यादव ने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में लगभग 50% सामुदायिक शौचालय बंद पड़े हैं, जिससे ग्रामीण जनता को खुले में शौच करने को मजबूर होना पड़ता है। इसके चलते खासकर महिलाओं के साथ अप्रिय घटनाएं भी घट जाती हैं। साथ ही, शौचालयों के मेंटेनेंस की धनराशि भी सीधे केयरटेकरों के खाते में भेजने की मांग की।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि कई जगहों पर प्रधान और सचिव मानदेय मांगने वाले केयरटेकरों से मारपीट और अवैध वसूली करते हैं। लहरपुर ब्लॉक की ग्राम पंचायत नेरिया पर्शिया और एलिया ब्लॉक समेत कई जगहों पर ऐसी घटनाएं हुई हैं। इसके अलावा हर वर्ष अनुबंध नवीनीकरण के नाम पर भी मोटी रकम वसूली जाती है, जिससे केयरटेकरों का शोषण हो रहा है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि बकाया मानदेय जल्द नहीं दिया गया और समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो भारतीय समाज सेवा संघ लखनऊ में मुख्यमंत्री आवास और विधानसभा का घेराव करेगा।
कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष रिंकू वर्मा, प्रमुख सलाहकार प्रमोद तिवारी, महिला जिला अध्यक्ष निशा बाजपेई, जिला मीडिया प्रभारी रियाजुद्दीन अंसारी, जिला सचिव राम मूर्ति, ब्लॉक अध्यक्ष लहरपुर सर्वेश कुमार, बिसवा ब्लॉक अध्यक्ष सबीहा खातून, मिश्रिख ब्लॉक अध्यक्ष राम शंकर, मछरेटा ब्लॉक अध्यक्ष संतराम, पिसावा ब्लॉक अध्यक्ष आरती यादव, रेउसा ब्लॉक अध्यक्ष रामऔतार, सकरन ब्लॉक अध्यक्ष ज्ञानवती, सह मीडिया प्रभारी रंजीत बंसल सहित सभी ब्लॉकों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे।