उमरिया: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण का निरीक्षण—बीएलओ घर–घर कर रहे सत्यापन, डेटा अपडेट जारी

ब्यूरो चीफ उमरिया: राहुल शीतलानी, सब तक एक्सप्रेस
उमरिया। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को पूर्णतः अद्यतन, सटीक और त्रुटिरहित बनाना है। इसके तहत जिले के सभी बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर–घर पहुंचकर मतदाताओं से सीधा संपर्क कर रहे हैं और दो प्रतियों में तैयार गणना पत्रक वितरित कर रहे हैं।
बीएलओ द्वारा मतदाताओं की जानकारी एकत्र कर आयोग के एप में उपलब्ध लिंक के माध्यम से विवरण का अद्यतन कार्य निरंतर किया जा रहा है, ताकि प्रत्येक योग्य मतदाता का नाम सही ढंग से सूची में दर्ज हो सके।
अभियान के निरीक्षण के तहत नगर परिषद चंदिया के वार्ड क्रमांक 2, 6 और 7 तथा संबंधित बूथ क्रमांक 40 और 46 का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान बीएलओ की कार्यप्रणाली, घर–घर सर्वे की प्रगति और मतदाता विवरण के सत्यापन की स्थिति का जायज़ा लिया गया।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि SIR अभियान को पूरी पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ पूरा किया जाएगा, जिससे आगामी चुनावों के लिए मतदाता सूची पूरी तरह सटीक तैयार हो सके।




