ब्यूरो रिपोर्ट: सतीश पाण्डेय, सोनभद्र।
राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के बैठगांव की निवासी लालती पत्नी स्वर्गीय राम हरक तिवारी, जो बीते दो दशक से फरार चल रही थी, को पुलिस ने गिरफ्तार कर गुरुवार को न्यायालय में पेश किया। मजिस्ट्रेट ने मामले की गंभीरता देखते हुए उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेजने के आदेश दिए।
पुलिस अधीक्षक सोनभद्र के निर्देशन में फरार अभियुक्तों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान यह बड़ी सफलता मिली। महिला के खिलाफ साल 2003 से एक मामला लंबित था, जिसमें वह लगातार फरार चल रही थी। न्यायालय से कई बार वारंट जारी होने के बावजूद वह गिरफ्तारी से बचती रही।
जमीन बेचने में धोखाधड़ी का आरोप
पीड़ित पक्ष के अनुसार, लालती ने बरवाडीह निवासी उमाशंकर देव पांडे की पत्नी सुशीला बनकर लगभग डेढ़ बीघा जमीन बेच दी। जब वास्तविक सुशीला को इसकी जानकारी हुई तो वर्ष 2003 में उन्होंने न्यायालय में वाद दायर किया। महिला की गिरफ्तारी के लिए कई बार कार्रवाई हुई, लेकिन वह पुलिस की पकड़ में नहीं आई।
अंततः नवंबर माह में न्यायालय ने सख्त रुख अपनाया और व्यक्तिगत रूप से पन्नुगंत थाना अध्यक्ष को आदेशों का पालन सुनिश्चित करने को कहा, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया।

पहले भी कर चुकी कई धोखाधड़ियां
जानकारी के मुताबिक महिला पर पूर्व में भी धोखाधड़ी के आरोप लगे थे। वर्ष 1997 में वह लखन पुरवा निवासी राम नंदन तिवारी के कई कागजात चोरी कर भाग गई थी। इस संबंध में वृद्ध राम नंदन ने पुलिस अधीक्षक को शिकायत दी थी। कुछ ही दिनों बाद राम नंदन की मृत्यु हो गई थी।
महिला की गिरफ्तारी को पुलिस ने लंबे समय से चल रही कार्रवाई में बड़ी सफलता बताया है।
ब्यूरो रिपोर्ट: सतीश पाण्डेय, सोनभद्र



