
सब तक एक्सप्रेस, अयोध्या।
अयोध्या। हनुमानगढ़ी से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां नागा साधु स्वामी महेश योगी को जिंदा जलाने की कोशिश की गई। देर रात करीब 2:45 बजे किसी ने आश्रम में बने उनके कमरे के पीछे की खिड़की काटकर अंदर ज्वलनशील पदार्थ फेंका और आग लगा दी।
घटना के समय साधु कमरे में सो रहे थे। धुआं और गर्मी महसूस होने पर उनकी नींद खुल गई। उन्होंने तुरंत शोर मचाकर लोगों को बुलाया। पानी और बालू की मदद से आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग बुझाई गई। गनीमत रही कि साधु सुरक्षित बच गए।
सूचना मिलते ही एसपी और स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस का शुरुआती अनुमान है कि खिड़की तोड़कर जानबूझकर आग लगाई गई। पुलिस अब CCTV फुटेज और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है, ताकि हमलावरों की पहचान हो सके।
घटना के बाद मंदिर और साधु की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। हनुमानगढ़ी और आसपास के क्षेत्र में लोगों में चिंता का माहौल है। श्रद्धालुओं और प्रशासन ने इस हमले की निंदा की है।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही इस वारदात में शामिल लोगों को गिरफ्तार किया जाएगा। स्वामी महेश योगी की सतर्कता और पुलिस की समय पर कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया।



