69वीं राष्ट्रीय शालेय फुटबॉल प्रतियोगिता का सफल समापन, झारखंड बनी चैंपियन

ब्यूरो चीफ उमरिया — राहुल शीतलानी।
उमरिया। जिला मुख्यालय स्थित स्टेडियम ग्राउंड में 69वीं राष्ट्रीय शालेय 14 वर्ष बालक फुटबॉल प्रतियोगिता का समापन 6 दिसंबर को भव्य आयोजन के साथ हुआ। फायनल मुकाबले में झारखंड और पंजाब के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। गोल्डन गोल और पेनाल्टी के बाद झारखंड की टीम ने अंतिम गोल दागते हुए खिताब अपने नाम किया। तीसरे स्थान के लिए हुए मुकाबले में मणिपुर ने जम्मू-कश्मीर को हराया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कुटीर एवं ग्रामोद्योग मंत्री श्री दिलीप जायसवाल ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि केंद्र और राज्य सरकार खेलों को बढ़ावा दे रही है, जिसका परिणाम है कि भारत के खिलाड़ी आज गोल्ड, सिल्वर और कांस्य पदक जीत रहे हैं। उन्होंने विशेष रूप से शहडोल के विचारपुर गांव का उल्लेख किया, जिसे मिनी ब्राज़ील कहा जाता है। यहां के 6 खिलाड़ी जर्मनी में फुटबॉल प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी अपने ‘मन की बात’ कार्यक्रम में इस गांव का जिक्र कर चुके हैं।

मंत्री श्री जायसवाल ने कहा कि खेल में हार-जीत मायने नहीं रखती, बल्कि सीख और अनुशासन महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर तक बेहतर प्रदर्शन की शुभकामनाएं दी। कार्यक्रम को जिला पंचायत अध्यक्ष और अन्य अतिथियों ने भी संबोधित किया। वक्ताओं ने कहा कि खेल मानसिक व शारीरिक विकास के साथ बीमारियों से बचाव का माध्यम भी है।

कलेक्टर धरणेन्द्र कुमार जैन ने जानकारी दी कि 1 से 6 दिसंबर तक चली प्रतियोगिता में 33 राज्यों के 697 खिलाड़ियों ने भाग लिया। खिलाड़ियों के रहने और परिवहन की व्यवस्था शासन द्वारा की गई थी। प्रतियोगिता का आयोजन स्टेडियम ग्राउंड, पीटीएस ग्राउंड, कृष्णताल और चंदिया स्टेडियम में किया गया।

समापन समारोह दीप प्रज्वलन से शुरू हुआ। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में जवाहर नवोदय विद्यालय, सेंट्रल एकेडमी, ज्वाला ग्रुप एवं आई.पी.एस. स्कूल द्वारा प्रस्तुतियां दी गईं, जिन्हें सभी ने सराहा। मुख्य अतिथियों द्वारा विजेता, उपविजेता, तृतीय एवं चतुर्थ स्थान प्राप्त टीमों को ट्रॉफी और पुरस्कार से सम्मानित किया गया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों और आयोजन में सहयोग देने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया।
अंत में मुख्य अतिथि ने खेल ध्वज उतारकर जिला शिक्षा अधिकारी को सौंपा। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। मंच संचालन सुशील मिश्रा एवं प्रदीप सिंह गहलोत ने किया।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक विजय कुमार भगवानी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष ओम नारायण सिंह, सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग डॉ. पूजा द्विवेदी, जिला शिक्षा अधिकारी आर.एस. मरावी, SGFI से वेद प्रकाश यादव सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी और खेल प्रेमी उपस्थित रहे।



