
सब तक एक्सप्रेस | लखनऊ ब्यूरो
लखनऊ। ढोल-ताशों और डीजे की मधुर धुनों के बीच भव्य कलश यात्रा के साथ श्रीराम कथा का शुभारंभ किया गया। राजधानी के आम्रपाली योजना, सेक्टर-6 में आयोजित श्रीराम कथा से पूर्व निकली कलश यात्रा में श्रद्धालुओं का भारी उत्साह देखने को मिला।
कलश यात्रा में लगभग पाँच सौ से अधिक श्रद्धालु शामिल हुए, जो जय श्रीराम के जयकारे लगाते हुए भक्तिभाव में लीन नजर आए। सिर पर कलश धारण किए महिलाओं की कतारें और भगवा ध्वजों के साथ चलते श्रद्धालुओं ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय वातावरण से सराबोर कर दिया।
डॉ. विनय सिंह, मनी सक्सेना एवं बिहारी जी ने पुष्पवर्षा कर कलश यात्रा का स्वागत किया। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजन कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की।
आयोजकों ने बताया कि श्रीराम कथा का गुणगान सुप्रसिद्ध कथा वाचक आचार्य हितेश पाण्डेय के मुखारविंद से किया जाएगा। कथा के संचालक विजय कुमार अवस्थी ने जानकारी दी कि आज से कथा का विधिवत शुभारंभ हो गया है, जिसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति से आयोजन स्थल पर भक्तिपूर्ण उल्लास और आध्यात्मिक वातावरण बना रहा।



