स्वास्थ्य माफिया का खेल उजागर, एक डॉक्टर की डिग्री पर दर्जनों अस्पताल संचालित

ब्रेकिंग न्यूज़ | सिद्धार्थनगर
सिद्धार्थनगर। प्रदेश में स्वास्थ्य माफियाओं का जाल लगातार फैलता जा रहा है और इसके पीछे स्वास्थ्य विभाग की अनदेखी या संभावित मिलीभगत के गंभीर आरोप सामने आ रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक एक ही डॉक्टर की डिग्री को वसूली का लाइसेंस बनाकर लखनऊ सहित सिद्धार्थनगर जिले में दर्जनों अस्पताल संचालित किए जा रहे हैं।
चौंकाने वाली जानकारी यह है कि एक ही डॉक्टर की डिग्री पर एक दर्जन से अधिक अस्पतालों का रजिस्ट्रेशन कराया गया है। इन अस्पतालों में कहीं डॉक्टर को ऑन कॉल, कहीं हाफ टाइम तो कहीं परमानेंट दर्शाकर कागजी खानापूर्ति की गई है, जबकि वास्तविक स्थिति पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
सूत्र बताते हैं कि स्वास्थ्य मंत्री के गृह जनपद मानी जाने वाली राजधानी लखनऊ में भी इस डॉक्टर की डिग्री पर कई अस्पतालों का रजिस्ट्रेशन दर्ज है। वहीं सिद्धार्थनगर जनपद, विशेषकर इटवा क्षेत्र, में भी एक अस्पताल इसी डिग्री के सहारे संचालित बताया जा रहा है, जहां कथित रूप से वसूली का खेल जारी है।
आरोप है कि संबंधित डॉक्टर डिग्री लगाने के बदले अस्पताल संचालकों से मनमानी रकम वसूलता है। जो संचालक मांगी गई रकम नहीं देता, उसे रजिस्ट्रेशन कैंसिल कराने की धमकी दी जाती है। इस पूरे मामले ने स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और मरीजों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सबसे बड़ा सवाल यह उठता है कि—
👉 स्वास्थ्य विभाग ने बिना समुचित जांच के एक ही डॉक्टर की डिग्री पर कई अस्पतालों को रजिस्ट्रेशन कैसे दे दिया?
👉 क्या यह महज लापरवाही है या विभागीय स्तर पर मिलीभगत का मामला?
जानकारी के अनुसार अयोध्या निवासी डॉक्टर जावेद की डिग्री दर्जनों अस्पतालों में लगाई गई है, जिनके आधार पर अस्पताल धड़ल्ले से संचालित हो रहे हैं।
अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि—
👉 जांच के बाद स्वास्थ्य विभाग और जिलाधिकारी क्या कार्रवाई करते हैं,
👉 और क्या संबंधित डॉक्टर के खिलाफ सख्त कदम उठाकर रजिस्ट्रेशन निरस्त किए जाते हैं या नहीं।
मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप मचा है। यदि आरोप सही पाए गए तो यह न सिर्फ नियमों का घोर उल्लंघन है, बल्कि आम जनता के स्वास्थ्य के साथ बड़ा खिलवाड़ भी है।
सब तक एक्सप्रेस



