
सब तक एक्सप्रेस।
लखनऊ। रेलवे में काम कर रहे कुलियों को स्थायी नौकरी में समायोजित करने समेत विभिन्न मांगों को लेकर गुरुवार को देशभर के कुली सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (ट्विटर) पर अभियान चलाएंगे। यह अभियान दोपहर 12 बजे से शुरू होगा, जिसमें रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और रेलवे बोर्ड को टैग कर पोस्ट किए जाएंगे।
राष्ट्रीय कुली मोर्चा की वर्चुअल बैठक में यह निर्णय लिया गया। बैठक में कुलियों के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, वर्दी, विश्रामगृह जैसी सामाजिक सुरक्षा योजनाओं को लागू करने और कुलियों का काम निजी क्षेत्र को देने पर रोक लगाने की भी मांग उठाई गई।
राष्ट्रीय कुली मोर्चा के कोऑर्डिनेटर राम सुरेश यादव ने बताया कि बजट सत्र से पहले सरकार का ध्यान कुलियों की आजीविका और सामाजिक सुरक्षा की ओर आकर्षित करने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2008 की तरह एक बार फिर कुलियों को रेलवे की नौकरी में समायोजित करने की घोषणा बजट में की जाए, यही प्रमुख मांग है।
वर्चुअल बैठक में देश के विभिन्न हिस्सों से कुली प्रतिनिधियों ने भाग लिया और अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।



