सब तक एक्सप्रेस।
कौशाम्बी। जिला पंचायत अध्यक्ष और अधिकारियों की कथित मनमानी से नाराज जिला पंचायत सदस्यों ने बुधवार को जिला पंचायत कार्यालय के गेट पर कड़ाके की ठंड में अनशन शुरू कर दिया। सदस्यों का आरोप है कि बीते चार वर्षों से विकास कार्य बाधित पड़े हैं, जिससे जिले का समुचित विकास नहीं हो पा रहा है।
अनशन पर बैठे सदस्यों का कहना है कि जिला पंचायत अध्यक्ष और संबंधित अधिकारी मनमाने ढंग से कार्य कर रहे हैं, जिसके कारण विकास योजनाएं आगे नहीं बढ़ पा रही हैं। इसी के विरोध में वे मजबूर होकर भूख हड़ताल पर बैठे हैं।
जिला पंचायत सदस्यों ने साफ कहा है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक उनका अनशन जारी रहेगा। उनकी प्रमुख मांग है कि जिले में विकास कार्यों को तत्काल गति दी जाए और किसी भी तरह की बाधा न डाली जाए।
अनशन में शामिल जिला पंचायत सदस्यों में साधना सिंह, नीरज द्विवेदी (शीला द्विवेदी), सीमा देवी, अरुण चौधरी, श्याम, नरेंद्र कुमार, राज गौतम, मुंसवली और सुनीता देवी सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
मामले को लेकर प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।



