
संवाददाता – बृजेन्द्र मौर्य:
फतेहपुर। अधिवक्ता जयराज मानसिंह हत्याकांड में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए मृतक के ही मुंशी अंकित मिश्रा को मुख्य आरोपी और साजिशकर्ता बताया है। प्रेस वार्ता में पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी ने जमीन बिक्री से जुड़े विवाद और जल्दी अमीर बनने की सनक में आकर करीब एक माह पहले ही हत्या की योजना बना ली थी।
पुलिस के अनुसार अंकित मिश्रा ने पूरी वारदात को योजनाबद्ध तरीके से अंजाम दिलाया और खुद को शक के दायरे से बाहर रखने की कोशिश करता रहा। जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्य, कॉल डिटेल और अन्य अहम सुराग मिलने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में सबूत मजबूत हैं और आरोपी से पूछताछ के आधार पर अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है। जल्द ही आरोप पत्र दाखिल कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस खुलासे के बाद जिले में हड़कंप मच गया है। अधिवक्ता समाज समेत आम लोगों में भी इस बात को लेकर चर्चा तेज है कि जिस मुंशी पर भरोसा किया गया, वही हत्या का मास्टरमाइंड निकला।
पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और दोषी को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने के लिए हर जरूरी कदम उठाए जाएंगे।



