भारी मात्रा में लकड़ी जब्त, खैर के 16 पेड़ों की अवैध कटाई का खुलासा
अनुमति से दोगुनी कटाई पर दो वनकर्मी निलंबित, आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज
ब्यूरो चीफ – राहुल शीतलानी
उमरिया। जिले के नौरोजाबाद वन परिक्षेत्र अंतर्गत कल्दा क्षेत्र में खैर प्रजाति के पेड़ों की अवैध कटाई का गंभीर मामला सामने आया है। यहां राजस्व क्षेत्र में आठ पेड़ों की अनुमति के बजाय 16 खैर के पेड़ों की कटाई कर दी गई थी और लकड़ी का परिवहन भी कराया जा चुका था।
मामले की जानकारी मिलते ही वन विभाग ने जांच शुरू की। जांच में वनरक्षक ओमप्रकाश पटेल और सर्किल प्रभारी नंदलाल चौधरी की गंभीर लापरवाही सामने आई, जिसके बाद डीएफओ ने दोनों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।

वन विभाग ने आरोपी साबिर के खिलाफ पीओआर (प्रकरण) दर्ज कर लिया है। मौके से खैर लकड़ी के सात चट्टे जब्त किए गए हैं, जिन्हें वन डिपो में सुरक्षित रखवाया गया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।
अनुविभागीय अधिकारी कुलदीप त्रिपाठी ने शनिवार को बताया कि 16 पेड़ों की कटाई बिना किसी अनुमति के की गई थी। उन्होंने कहा कि पूरे प्रकरण की गहन जांच की जा रही है और जिसमें भी संलिप्तता या लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण भी किया है।
इस घटना के बाद वन क्षेत्र में अवैध कटाई और लकड़ी तस्करी को लेकर विभागीय निगरानी पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।



