संवाददाता: शैलेन्द्र यादव, सीतापुर
सीतापुर। सीतापुर शिक्षण संस्थान में 77वां गणतंत्र दिवस संस्था परिसर में बड़े ही हर्षोल्लास और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत दिल्ली पब्लिक स्कूल सीतापुर की प्रो वाइस चेयरपर्सन तनुश्री मेहरोत्रा, सचिव डॉ. सुमन मेहरोत्रा तथा उपाध्यक्षा डॉ. इशिता मेहरोत्रा द्वारा ध्वजारोहण और राष्ट्रगान के साथ की गई।
इसके बाद विशिष्ट अतिथियों द्वारा स्वतंत्रता सेनानियों के चित्रों पर माल्यार्पण किया गया। मुख्य अतिथि तनुश्री मेहरोत्रा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि छात्र देश के भविष्य हैं और उन्हें राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से बड़ों और शिक्षकों का सम्मान करने, पर्यावरण की रक्षा करने तथा ईमानदारी से अपने कर्तव्यों का पालन करने का आह्वान किया।
डीपीएस सीतापुर के प्रधानाचार्य आर.के. सिंह ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को देशभक्ति, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा का संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने समूह गीत “वंदे मातरम्” की भावपूर्ण प्रस्तुति दी। इसके साथ ही नृत्य-नाटिका का मंचन किया गया, जो कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा और उपस्थित दर्शकों ने इसकी खूब सराहना की।
कार्यक्रम में सीतापुर शिक्षण संस्थान के निदेशक, सभी विभागों के विभागाध्यक्ष, प्राचार्य तथा शिक्षकगण मौजूद रहे। समापन पर सभी को मिठाई वितरित की गई और शांतिपूर्ण ढंग से कार्यक्रम का समापन हुआ।



