उत्तर प्रदेशटॉप न्यूजबड़ी खबरराज्यराष्ट्रीयलखनऊसीतापुरसोनभद्र

सोनभद्र पुलिस का बड़ा प्रहार: 60 किलो गांजा बरामद, दो लग्ज़री स्कॉर्पियो समेत 5 तस्कर गिरफ्तार

उड़ीसा से छत्तीसगढ़ होते हुए यूपी लाई जा रही थी खेप, ₹5.25 लाख नकद, 7 मोबाइल फोन जब्त

जनपद – सोनभद्र | दिनांक – 28 जनवरी 2026 | सब तक एक्सप्रेस:सतीश पाण्डेय।
सोनभद्र पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 60 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। इस दौरान दो लग्ज़री स्कॉर्पियो गाड़ियों समेत पांच शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मौके से गांजा की खरीद-फरोख्त से जुड़ी ₹5 लाख 25 हजार रुपये नकद और सात मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सोनभद्र श्री अभिषेक वर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत की गई। अपर पुलिस अधीक्षक श्री अनिल कुमार एवं क्षेत्राधिकारी नगर श्री रणधीर मिश्रा के पर्यवेक्षण में थाना रॉबर्ट्सगंज और एसओजी टीम ने संयुक्त रूप से यह सफलता हासिल की।

पुलिस लाइन मोड़ के पास हुई कार्रवाई

पुलिस के अनुसार 27 जनवरी 2026 की रात लगभग 10:35 बजे पुलिस लाइन मोड़ तिराहा क्षेत्र में मम्मी के ढाबा के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान दो काली स्कॉर्पियो गाड़ियां आती दिखाई दीं। पुलिस ने दोनों वाहनों को रोककर तलाशी ली तो एक स्कॉर्पियो पर कूटरचित नंबर प्लेट लगी पाई गई।
तलाशी में स्कॉर्पियो क्लासिक S-11 नंबर OD-15-Z-4146 से दो बोरियों में 40 किलो गांजा तथा स्कॉर्पियो-एन नंबर UP-32-NP-3600 से एक बोरी में 20 पैकेट, कुल 20 किलो गांजा बरामद किया गया। इस प्रकार कुल 60 किलो गांजा जब्त किया गया।

नकदी और मोबाइल भी जब्त

पुलिस ने गांजा की खरीद-बिक्री से संबंधित ₹5,20,000 रुपये नकद, आरोपियों की तलाशी से ₹5,000 रुपये अलग से तथा 7 मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। दोनों वाहनों को भी सीज कर दिया गया है।

गिरफ्तार आरोपी कौन हैं

गिरफ्तार किए गए आरोपियों में
भास्कर दूबे (सुल्तानपुर),
शुभम तिवारी (अमेठी),
लकी यादव (सुल्तानपुर),
सुनील कुमार यादव (रायबरेली/सुल्तानपुर)
और सूरज कुमार सोनी (अमेठी) शामिल हैं।

पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा

पुलिस पूछताछ में भास्कर दूबे, शुभम तिवारी और लकी यादव ने बताया कि वे दो-तीन दिन पहले स्कॉर्पियो क्लासिक से उड़ीसा गए थे, जहां एक सप्लायर से संपर्क कर गांजा खरीदा और उसे छत्तीसगढ़ होते हुए उत्तर प्रदेश ला रहे थे।
वहीं दूसरी स्कॉर्पियो से सूरज सोनी और सुनील यादव गांजा लेने पहुंचे थे। उसी समय एक वाहन से दूसरे वाहन में गांजा उतारा जा रहा था, तभी पुलिस ने घेराबंदी कर सभी को पकड़ लिया।
आरोपियों ने बताया कि गांजा सप्लाई करने वाले व्यक्ति का नाम अर्जुन है, जिससे मोबाइल नंबर के जरिए संपर्क हुआ था। पुलिस अब उसकी तलाश कर रही है।

संगठित गिरोह का हिस्सा हैं आरोपी

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार सभी आरोपी शातिर अपराधी हैं और उनके खिलाफ पहले से कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। इनमें एनडीपीएस एक्ट, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट, हत्या, लूट, रंगदारी और मारपीट जैसे मामलों की लंबी सूची शामिल है।
पुलिस का मानना है कि यह एक संगठित अंतरराज्यीय तस्करी गिरोह है, जो उड़ीसा, छत्तीसगढ़ और उत्तर प्रदेश के बीच लंबे समय से गांजा की सप्लाई कर रहा था।

मुकदमा दर्ज, आगे की कार्रवाई जारी

थाना रॉबर्ट्सगंज में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं तथा कूटरचित नंबर प्लेट के प्रयोग से संबंधित बीएनएस की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।

पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका

इस कार्रवाई को सफल बनाने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक राम स्वरूप वर्मा, एसओजी प्रभारी राजेश चौबे सहित कई उपनिरीक्षक, हेड कांस्टेबल और पुलिसकर्मी शामिल रहे। वरिष्ठ अधिकारियों ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि जिले में नशे के कारोबार को किसी भी हाल में पनपने नहीं दिया जाएगा।
पुलिस ने साफ किया है कि आने वाले दिनों में भी मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ अभियान और तेज किया जाएगा तथा पूरे नेटवर्क को तोड़ने के लिए लगातार कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!