
सब तक एक्सप्रेस।
लखनऊ। आम आदमी पार्टी उत्तर प्रदेश के मुख्य प्रदेश प्रवक्ता वंशराज दुबे ने शुक्रवार को प्रदेश मुख्यालय पर आयोजित प्रेस वार्ता में उत्तर प्रदेश के एक बड़े छात्रवृत्ति घोटाले का खुलासा किया। उन्होंने आरोप लगाया कि हापुड़ स्थित मोनाड यूनिवर्सिटी में पिछले 14 वर्षों के दौरान लगभग 16,300 छात्रों के दस्तावेजों का गलत इस्तेमाल कर करीब 53 करोड़ रुपये की छात्रवृत्ति का गबन किया गया है।
वंशराज दुबे ने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री जहां “सबका साथ–सबका विकास” की बात करते हैं, वहीं जमीनी हकीकत यह है कि प्रदेश में छात्रों का शोषण और कुछ निजी विश्वविद्यालयों का विकास हो रहा है। उन्होंने दावा किया कि मोनाड यूनिवर्सिटी में सामान्य वर्ग के छात्रों को दलित, आदिवासी और पिछड़ी जाति का दिखाकर वर्षों तक छात्रवृत्ति की रकम हड़पी गई।
आप प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्रों के बैंक खाते खुलवाकर उनकी एटीएम और पासबुक अपने कब्जे में रख ली। जैसे ही छात्रवृत्ति की राशि खातों में आई, उसे निकाल लिया गया और छात्रों को इसकी जानकारी तक नहीं दी गई। उन्होंने इसे गरीब और जरूरतमंद छात्रों के अधिकारों पर खुली डकैती बताया।
आप प्रवक्ता ने सवाल उठाया कि छोटे मामलों में जांच एजेंसियां तुरंत सक्रिय हो जाती हैं, लेकिन इतने बड़े घोटाले पर सरकार की चुप्पी समझ से परे है। उन्होंने कहा कि इस घोटाले के तार हापुड़ से लखनऊ और दिल्ली तक जुड़े हो सकते हैं।
प्रेस वार्ता में वंशराज दुबे ने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर भी सवाल उठाए और कहा कि गरीबों की एफआईआर तक दर्ज नहीं होती, जबकि सत्ता के संरक्षण में बड़े घोटाले दबा दिए जाते हैं।
उन्होंने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच सीबीआई से कराई जाए, दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी हो और पीड़ित छात्रों को उनकी पूरी छात्रवृत्ति की राशि वापस दिलाई जाए। आम आदमी पार्टी ने चेतावनी दी कि इस मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाना चाहिए, चाहे वह कितना ही प्रभावशाली क्यों न हो।



