राष्ट्रीय

छत्तीसगढ़ के अबूझमाड़ में मुठभेड़, मारे गए 3 माओवादी; एक जवान बलिदान

छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र सीमा पर अबूझमाड़ जंगल में महाराष्ट्र पुलिस की सी-60 फोर्स और माओवादियों के बीच मुठभेड़ हुई। इसमें तीन माओवादी मारे गए, जिनमें एक महिला भी शामिल है। दुर्भाग्यवश, सी-60 के एक जवान दीपक चिन्ना मंडावी बलिदान हो गए, जबकि एक अन्य जवान घायल है। सुरक्षा बलों ने मौके से हथियार बरामद किए। क्षेत्र में तलाशी अभियान जारी है और रुक-रुक कर गोलीबारी की सूचना है।

HighLights

  1. छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र सीमा पर तीन माओवादी मुठभेड़ में मारे गए।
  2. महाराष्ट्र सी-60 फोर्स का एक जवान दीपक मंडावी बलिदान।
  3. अबूझमाड़ जंगल में सुरक्षा बलों का तलाशी अभियान जारी है।

 छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र सीमा पर अबूझमाड़ जंगल में शुक्रवार तड़के महाराष्ट्र पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में तीन माओवादी मारे गए। इस मुठभेड़ में महाराष्ट्र की एंटी माओवादी फोर्स सी-60 का एक जवान भी बलिदान हो गया।

सुरक्षा बल ने मौके से काली वर्दीधारी एक महिला और दो पुरुष माओवादियों के शव बरामद किए हैं। मारे गए माओवादी हिंसक दल नंबर 10 के सदस्य बताए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि क्षेत्र में माओवादियों की उपस्थिति बनी हुई है और रुक-रुक कर गोलीबारी जारी है। पुलिस शवों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

चल रहा था सर्च ऑपरेशन

जानकारी के अनुसार, अबूझमाड़ के जंगल में माओवादी हिंसा उन्मूलन अभियान के तहत महाराष्ट्र सी-60 की पार्टी सर्च ऑपरेशन पर निकली थी। इसी दौरान सूचना मिली कि हिंसक दल नंबर 10 के कुछ सदस्य छत्तीसगढ़ के माओवादी इलाके में मौजूद हैं। सूचना के आधार पर सुरक्षा बल ने घेराबंदी शुरू की।

इस बीच छत्तीसगढ़ के नारायणपुर और महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले की सीमा पर स्थित ग्राम फोदेवाड़ा के पास माओवादियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई की। गोलीबारी थमने के बाद मौके से दो वर्दीधारी पुरुष और एक महिला का शव बरामद किया गया। साथ ही एक एके 47, एसएलआर और विस्फोटक पदार्थ भी मिले हैं।

जवान को एयरलिफ्ट किया गया

फायरिंग में सी-60 के कांस्टेबल 38 वर्षीय दीपक चिन्ना मंडावी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें एनकाउंटर के बीच ही हेलीकाप्टर से भामरागड़ अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान वे बलिदान हो गए। मुठभेड़ में एक अन्य जवान जोगा मडावी भी घायल हुए।

उन्हें भी एयरलिफ्ट कर भामरागढ़ ले जाया गया। पुलिस प्रशासन ने बताया कि उनकी हालत स्थिर है। अबूझमाड़ के वन क्षेत्र में तलाशी अभियान अभी भी जारी है और माओवादी गतिविधियों की आशंका को देखते हुए सुरक्षा बलों को अलर्ट पर रखा गया है।

2017 में मारे गए 317 माओवादी

बस्तर संभाग में वर्ष 2025 में 317 माओवादी मारे गए, जिनमें 28 शीर्ष माओवादी शामिल थे। वहीं, 862 माओवादी गिरफ्तार किए गए और 1973 माओवादी मुख्यधारा में लौट आए। केंद्र और राज्य सरकार ने मार्च 2026 तक माओवादी हिंसा के समूल उन्मूलन का लक्ष्य निर्धारित किया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!