बांधवगढ़ में दिखे एक साथ पांच बाघ, अद्भुत नजारा देख पर्यटक हुए रोमांचित

सब तक एक्सप्रेस | उमरिया
ब्यूरो चीफ: राहुल शीतलानी
मध्य प्रदेश के विश्व प्रसिद्ध बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में मंगलवार की सुबह पर्यटकों के लिए बेहद खास और यादगार साबित हुई। ताला कोर परिक्षेत्र के चक्रधरा इलाके में सफारी के दौरान पर्यटकों को एक साथ पांच बाघ नजर आए। इतने बाघों को एक साथ देखकर पर्यटक रोमांचित हो उठे और जंगल में यह नजारा देखने के बाद सभी के चेहरे खुशी से खिल उठे।
पर्यटकों ने इस दुर्लभ और अद्भुत दृश्य को अपने मोबाइल कैमरों में कैद कर लिया। बाघों के एक साथ दिखाई देने की यह घटना अब सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रही है। वन्यजीव प्रेमियों के लिए यह नजारा किसी सपने से कम नहीं माना जा रहा है।
बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व देश ही नहीं बल्कि दुनिया भर में बाघों की अच्छी संख्या और आसानी से होने वाले टाइगर साइटिंग के लिए प्रसिद्ध है। एक साथ पांच बाघों का दिखना यहां आने वाले पर्यटकों के लिए बेहद खास और रोमांच से भरा अनुभव बना।



