भाजपा में बगावत के सुर तेज: मंडल मंत्री समेत 9 नेताओं के इस्तीफे से हड़कंप
लगातार दूसरे दिन इस्तीफों की झड़ी, विचारधारा से भटकने के आरोप—जिला नेतृत्व अलर्ट मोड में

संवाददाता: बृजेन्द्र मौर्य
फतेहपुर। जिले में भारतीय जनता पार्टी के भीतर असंतोष अब खुलकर सामने आने लगा है। बीते दिन शुरू हुआ इस्तीफों का सिलसिला शनिवार को भी जारी रहा, जिससे संगठन में हलचल तेज हो गई है। लगातार दूसरे दिन कई पदाधिकारियों द्वारा इस्तीफा दिए जाने से स्थानीय स्तर पर सियासी पारा चढ़ गया है।
इस्तीफा देने वालों में मंडल मंत्री संतोष कुमार द्विवेदी सहित बूथ और क्षेत्रीय स्तर के कुल 9 पदाधिकारी शामिल हैं। इनमें लालीपुर प्रथम के बूथ प्रमुख शिवानंद पाण्डेय, ओझापुर के राम सिंह, लकड़ी द्वितीय के रमाकांत, बसावनपुर के भिक्खू पाल, कुल्हड़पुरवा के अमित अग्निहोत्री, नौगांव के शिव शुक्ला, मथैयापुर प्रथम के राजू तथा हुसेनगंज के गंगा प्रसाद द्विवेदी के नाम प्रमुख हैं।
इन सभी पदाधिकारियों ने सार्वजनिक रूप से अपने इस्तीफे की घोषणा करते हुए पार्टी पर अपनी मूल विचारधारा से भटकने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि जमीनी कार्यकर्ताओं की लगातार उपेक्षा हो रही है और संगठन में संवाद की कमी के चलते असंतोष बढ़ता जा रहा है।
वहीं, इस पूरे मामले पर जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि अभी इस्तीफों के पीछे की स्पष्ट वजह सामने नहीं आई है। उन्होंने बताया कि वे हाल के दिनों में पार्टी के कार्यक्रमों में व्यस्त रहे, लेकिन अब मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है। मंडल अध्यक्ष को तलब किया गया है और स्थानीय कार्यकर्ताओं से राय लेकर स्थिति का आकलन किया जाएगा।
जिले में भाजपा के भीतर उठे इस असंतोष ने आने वाले समय की राजनीतिक गतिविधियों को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। संगठन स्तर पर मंथन तेज हो गया है और अब सबकी नजरें पार्टी नेतृत्व के अगले कदम पर टिकी हैं।



