अवैध पेट्रोल-डीजल बिक्री पर प्रशासन की कार्रवाई, बड़ी मात्रा में ईंधन जब्त
मानपुर के ग्राम रक्सा में बंद दुकान से चल रहा था गैरकानूनी कारोबार, पुलिस ने किया जब्ती पंचनामा तैयार

सब तक एक्सप्रेस | ब्यूरो चीफ उमरिया – राहुल शीतलानी :
उमरिया जिले के मानपुर क्षेत्र में अवैध रूप से पेट्रोल-डीजल की बिक्री के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। अनुविभागीय अधिकारी मानपुर हरनीत कौर कलसी को मिली सूचना के आधार पर ग्राम रक्सा, जनपद पंचायत मानपुर में छापेमारी की गई।
जांच के दौरान नत्थू लाल जायसवाल के मकान में बंद दुकान के अंदर से चोरी-छिपे पेट्रोल और डीजल की बिक्री किए जाने का मामला सामने आया। मौके पर मौजूद उनके पुत्र अंकुश जायसवाल द्वारा गैरकानूनी तरीके से ईंधन बेचे जाने की पुष्टि हुई।
पूछताछ में अंकुश ने बताया कि डीजल ट्रैक्टर उपयोग के लिए लाया गया था, जबकि संबंधित ट्रैक्टर का पंजीयन तीरथ जायसवाल के नाम पर पाया गया। हालांकि जांच में यह स्पष्ट हुआ कि दुकान के भीतर से ही अवैध बिक्री संचालित हो रही थी।

कार्रवाई के दौरान प्रशासन और पुलिस टीम ने मौके से बड़ी मात्रा में ईंधन जब्त किया, जिसमें 25-25 लीटर की 3 डीजल केन, 60 लीटर की 1 केन, 30 लीटर की 1 केन, 3 खाली केन तथा 2 कुप्पी पेट्रोल शामिल हैं।
मौके पर पुलिस द्वारा विधिवत पंचनामा तैयार कर समस्त ईंधन जब्त कर लिया गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस प्रकार की अवैध गतिविधियों के खिलाफ आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।



