
संवाददाता: बृजेन्द्र मौर्य | सब तक एक्सप्रेस
फतेहपुर जिले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना चांदपुर और बिन्दकी पुलिस की संयुक्त टीम ने मुठभेड़ के दौरान ₹25 हजार के इनामी बदमाश धरमवीर उर्फ राज लोधी को गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, पुलिस चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध बाइक सवार को रोकने का प्रयास कर रही थी। इसी दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली बदमाश के पैर में लगी, जिससे वह घायल हो गया और मौके पर ही पकड़ा गया।
पुलिस ने आरोपी के पास से 315 बोर का तमंचा, जिंदा कारतूस और एक बाइक बरामद की है। बताया जा रहा है कि धरमवीर उर्फ राज लोधी एक शातिर हिस्ट्रीशीटर अपराधी है, जो हत्या के एक मामले में वांछित चल रहा था।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ प्रदेश के अलग-अलग थानों में करीब दो दर्जन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। मुठभेड़ के बाद घायल बदमाश को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और उसके आपराधिक नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।



