जयपुरटॉप न्यूजदिल्ली

रेलवे ने शुरू किया स्वच्छता अभियान, यात्रियों में जागरूकता लाने पर जोर

नई दिल्ली। आज़ादी का जश्न अब स्वच्छता के संकल्प के साथ—रेलवे ने 1 अगस्त से 15 अगस्त, 2025 तक देश के सभी प्रमुख स्टेशनों पर व्यापक स्वच्छता अभियान शुरू कर दिया है। इस अभियान की शुरुआत रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी सतीश कुमार ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से की। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई और स्वयं श्रमदान में भाग लेकर अभियान को गति दी।

इस अवसर पर रेलवे बोर्ड अध्यक्ष ने स्टेशन पर उपयोग में लाई जा रही आधुनिक सफाई मशीनों का निरीक्षण किया और यात्रियों से संवाद कर स्वच्छता पर फीडबैक भी प्राप्त किया। उन्होंने बताया कि अभियान के पहले चरण में 15 दिन तक स्वच्छता गतिविधियाँ चलेंगी, इसके बाद फेज-2 में यह मुहिम अगस्त से अक्टूबर तक जारी रहेगी।

रेलवे ने बताया कि स्टेशनों को स्वच्छ रखने के लिए नुक्कड़ नाटक, पौधारोपण, और जन जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। सतीश कुमार ने कहा कि आज दिल्ली रेलवे स्टेशन पर पहले की तुलना में साफ-सफाई में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। जहाँ पहले डंपिंग ग्राउंड थे, अब वहाँ हरियाली है।

ट्रेनों की स्वच्छता पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है, और ‘क्लीन ट्रेन स्टेशन’ जैसी पहल के माध्यम से ट्रेनों में सफाई की निगरानी की जा रही है। यात्री शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई करने के लिए ‘रेल मदद’ प्लेटफॉर्म को भी सक्रिय रूप से प्रयोग में लाया जा रहा है।

इस अवसर पर उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक अशोक कुमार वर्मा, मंडल रेल प्रबंधक दिल्ली पुष्पेश रमण त्रिपाठी समेत अनेक रेलवे अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

इसके साथ ही विभिन्न स्टेशनों जैसे दिल्ली सराय रोहिल्ला, हजरत निजामुद्दीन, दिल्ली कैंट, दिल्ली जंक्शन, आनंद विहार टर्मिनल, फरीदाबाद और तुगलकाबाद पर भी रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों की अगुवाई में स्वच्छता श्रमदान और पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए।

रेलवे का यह प्रयास स्वच्छ भारत मिशन को एक नई दिशा देने के साथ-साथ यात्रियों को स्वच्छ और सुरक्षित यात्रा अनुभव देने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

सब तक एक्सप्रेस ब्यूरो रिपोर्ट

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Please enter comment in Japanese. (Anti-spam)

Back to top button
error: Content is protected !!