स्वस्थ, निपुण व सुरक्षित श्रमिक ही विकास का आधार : ठेका मजदूर यूनियन

✍️ वरिष्ठ संवाददाता : राम अनुज धर द्विवेदी
सब तक एक्सप्रेस
सोनभद्र। विकसित उत्तर प्रदेश @2047 की बैठक में ठेका मजदूर यूनियन ने स्पष्ट किया कि प्रदेश का वास्तविक विकास तभी संभव है जब श्रमिक वर्ग स्वस्थ, निपुण और सुरक्षित होगा। यूनियन ने बैठक में सरकार से तत्काल वेज रिवीजन लागू करने और ठेका मजदूरों को पक्की नौकरी देने की मांग उठाई।
बैठक में यूनियन के जिला उपाध्यक्ष तीरथराज यादव और जिला संयुक्त मंत्री मोहन प्रसाद समेत अन्य मजदूरों ने भागीदारी की। उन्होंने कहा कि औद्योगिक शांति बनाए रखने के लिए श्रम बंधु व्यवस्था को पुनः शुरू किया जाना चाहिए। इसके अलावा, कानून के विपरीत चल रही ठेका प्रथा को समाप्त कर श्रमिकों को स्थायी रोजगार मिलना चाहिए।
नेताओं ने बताया कि प्रदेश में पिछले छह साल से न्यूनतम वेतन का वेज रिवीजन नहीं हुआ है, जिससे महंगाई के दौर में श्रमिकों के लिए परिवार चलाना कठिन हो गया है। ओबरा और अनपरा तापीय परियोजनाओं में समयबद्ध मजदूरी भुगतान नहीं होने और सुरक्षा के प्रति लापरवाही पर भी गंभीर चिंता जताई गई।
खनन श्रमिकों की स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा गया कि खदान और क्रेशर कार्य में लगे सभी मजदूरों का उत्तर प्रदेश भवन एवं सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के तहत पंजीकरण अनिवार्य किया जाए। साथ ही, अनपरा और ओबरा क्षेत्र में ईएसआई अस्पताल खोलने और सभी श्रमिकों को पंजीकृत करने की भी मांग की गई।
बैठक में मौजूद उपश्रमायुक्त पिपरी ने आश्वासन दिया कि यूनियन का पत्र उच्च अधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा।