टॉप न्यूज़

संसद सत्र पर सस्पेंस बरकरार, परिसीमन बिल को लेकर सरकार और विपक्ष आमने-सामने; कांग्रेस ने रखीं चार मांगें

नई दिल्ली, दिल्ली। संसद के मानसून सत्र की अंतिम बैठक को 100 दिन बीतने के बावजूद सत्रावसान नहीं होने से राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। परिसीमन विधेयक और महिला आरक्षण को लेकर केंद्र सरकार तथा विपक्ष के बीच सहमति नहीं बन पाई है। इस बीच सरकार दिसंबर में संसद की बैठक बुलाने की तैयारी कर रही है।

दिसंबर में विधेयक पेश करने की तैयारी

जानकारी के अनुसार, सरकार संसद का विशेष सत्र बुलाने के पक्ष में नहीं है। मानसून सत्र की अगली बैठक दिसंबर के दूसरे सप्ताह में हो सकती है। इसमें करीब 12 बैठकें होने की संभावना है।

सरकार की योजना शुरुआती तीन दिनों में परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े विधेयक पेश करने की बताई जा रही है।

कांग्रेस ने रखीं चार प्रमुख मांगें

कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों ने परिसीमन को लेकर चार मांगें सामने रखी हैं। विपक्ष चाहता है कि लोकसभा की कुल 543 सीटें बरकरार रहें और राज्यों की मौजूदा सीटों में कोई बदलाव न किया जाए।

इसके अलावा महिला आरक्षण कानून तुरंत लागू करके 182 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित करने तथा इस व्यवस्था को अगले 25 वर्षों तक बनाए रखने की मांग की गई है।

सरकार के सामने बहुमत जुटाने की चुनौती

संविधान संशोधन से जुड़े विधेयकों को पारित कराने के लिए संसद में विशेष बहुमत आवश्यक है। सरकारी रणनीतिकारों के आकलन के अनुसार, लोकसभा में करीब 360 सांसदों का समर्थन जुटाना पड़ सकता है।

एनडीए के पास फिलहाल 319 सांसदों का निश्चित समर्थन होने का दावा किया जा रहा है। ऐसे में सरकार अन्य दलों का सहयोग हासिल करने की कोशिश कर रही है।

लोकसभा की सीटें बढ़ाने का प्रस्ताव

सरकार के प्रस्तावित मसौदे में लोकसभा की सीटें 543 से बढ़ाकर 850 करने की बात सामने आई है। इनमें लगभग 283 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित की जा सकती हैं।

विपक्ष का कहना है कि परिसीमन संवैधानिक व्यवस्था के अनुसार होना चाहिए। फिलहाल दोनों पक्षों के बीच सहमति नहीं बन सकी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button