विकसित भारत के सपने को साकार करने निकले दुर्गेश त्रिपाठी
भारत सरकार ने “युवा आइकॉन” के रूप में किया चयनित

विशेष संवाददाता : शैलेन्द्र यादव, सब तक एक्सप्रेस
लखनऊ। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार ने लखनऊ के समाजसेवी और युवा नेतृत्व के प्रतीक दुर्गेश त्रिपाठी को “युवा आइकॉन” के रूप में चयनित किया है। इस चयन के बाद अब दुर्गेश देशभर के विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में जाकर युवाओं से संवाद करेंगे तथा उन्हें विकसित भारत 2047 के विजन से जोड़ने का कार्य करेंगे।
युवाओं को विकसित भारत के संकल्प से जोड़ेंगे
सरकार की इस पहल के अंतर्गत दुर्गेश त्रिपाठी युवाओं को बताएंगे कि वर्ष 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने में वे किस प्रकार अपनी भूमिका निभा सकते हैं। साथ ही, वे सरकारी योजनाओं और अवसरों की जानकारी देकर युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करेंगे।
शिक्षा, नेतृत्व व NCC में उत्कृष्ट प्रदर्शन
लखनऊ विश्वविद्यालय के मेधावी छात्र परिषद के पूर्व अध्यक्ष रहे दुर्गेश को विश्वविद्यालय का सर्वोच्च सम्मान चांसलर गोल्ड मेडल प्राप्त हो चुका है। वे NCC में सर्वश्रेष्ठ कैडेट रहे हैं और गणतंत्र दिवस परेड, दिल्ली में प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। इसके साथ ही वे युवा एक्सचेंज प्रोग्राम के तहत अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व भी कर चुके हैं।
राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी, “एकल फ्यूचर” के राष्ट्रीय अध्यक्ष
दुर्गेश राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी हैं और “एकल अभियान” की युवा इकाई एकल फ्यूचर के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में देशभर में सक्रिय हैं। एकल अभियान के अंतर्गत संचालित विद्यालयों को महामहिम राष्ट्रपति द्वारा गांधी पीस प्राइज़ से सम्मानित किया जा चुका है।
समाज सेवा और जन-जागरूकता में सक्रिय योगदान
दुर्गेश “राष्ट्रीय शौर्य संस्थान” के माध्यम से युद्ध वीरों और वंचित वर्गों के कल्याण के लिए कार्य कर रहे हैं। वर्ष 2017 से अब तक वे कई राज्यों में मतदाता जागरूकता अभियान चला चुके हैं। लखनऊ नगर निगम ने भी उन्हें अपने मतदाता जागरूकता अभियान के लिए ब्रांड एम्बेसडर नियुक्त किया था।
सामाजिक सरोकारों से जुड़े दुर्गेश शबरी बस्तियों में पर्व-त्योहार मनाते हैं, अनाथालयों और वृद्धाश्रमों में नियमित सेवा कार्य करते हैं और कई बस्तियों में निःशुल्क लाइब्रेरी स्थापित कर चुके हैं। वे बच्चों को डिजिटल शिक्षा से जोड़ने और बालिकाओं को मार्शल आर्ट प्रशिक्षण दिलवाने जैसे कार्य भी निरंतर करते रहे हैं।
प्रधानमंत्री के पंच-प्रण को युवाओं तक पहुंचाया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “पंच प्रण” के आह्वान को जनपद स्तर पर लागू करने में उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। “यंग इंडिया डायलॉग” में प्रधानमंत्री की मौजूदगी में उन्हें “युवा आइकॉन” के रूप में आमंत्रित किया गया था, जहाँ उन्होंने विकसित भारत में युवाओं की भूमिका रखी थी।
20 जुलाई 2025 को हुए काशी घोषणा पत्र के राष्ट्रीय युवा नेतृत्व कार्यक्रम में भी उन्होंने “एकल अभियान” की युवा इकाई का प्रतिनिधित्व किया।
दुर्गेश का मानना है—“जब हर युवा राष्ट्र निर्माण में अपनी जिम्मेदारी समझकर आगे बढ़ेगा, तभी विकसित भारत 2047 का सपना पूरा होगा।”



