पंजाब विधानसभा चुनाव 2027: कांग्रेस को 40 सीटों पर मजबूत उम्मीदवारों की तलाश, टिकट के लिए बढ़ी दावेदारी

चंडीगढ़, पंजाब। पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर कांग्रेस ने उम्मीदवारों के चयन की तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रदेश की कुल 117 विधानसभा सीटों में से करीब 40 सीटों पर पार्टी मजबूत उम्मीदवारों की तलाश कर रही है। इन सीटों पर मुकाबला चुनौतीपूर्ण माना जा रहा है। दूसरी ओर टिकट पाने के इच्छुक नेताओं की लंबी सूची ने पार्टी नेतृत्व के सामने चयन की चुनौती खड़ी कर दी है।
उम्मीदवारों के चयन के लिए तीन सदस्यीय स्क्रीनिंग कमेटी गठित की गई है। इसकी अध्यक्षता डॉ. सिरिवेल्ला प्रसाद करेंगे, जबकि सचिन सावंत और निवेदित अल्वा सदस्य बनाए गए हैं। कमेटी सभी विधानसभा क्षेत्रों से मिले नामों की समीक्षा कर केंद्रीय नेतृत्व को सिफारिश भेजेगी।
पार्टी की ओर से 70 से अधिक सीटों पर फीडबैक सर्वेक्षण पूरा कराया जा चुका है। निजी एजेंसियों के माध्यम से संभावित उम्मीदवारों की लोकप्रियता, संगठन में सक्रियता और स्थानीय मतदाताओं से जुड़ाव का आकलन किया जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार कई वरिष्ठ नेता अपने परिजनों और करीबियों के लिए टिकट मांग रहे हैं। इनमें राणा गुरजीत सिंह, तृप्त राजिंदर सिंह बाजवा, सुखजिंदर सिंह रंधावा, चरणजीत सिंह चन्नी और अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग जैसे नाम शामिल हैं। कुछ सांसद भी विधानसभा चुनाव लड़ने की इच्छा जता चुके हैं।
कांग्रेस इस बार युवाओं को अधिक अवसर देने की योजना पर भी काम कर रही है। पार्टी नेतृत्व की मंशा करीब 50 प्रतिशत टिकट युवा उम्मीदवारों को देने की बताई जा रही है। हालांकि उम्मीदवारों के चयन में जीत की संभावनाओं और सर्वे रिपोर्ट को प्राथमिकता दी जाएगी।
जालंधर वेस्ट, फिल्लौर, होशियारपुर, बटाला, मजीठा, तरनतारन, बरनाला, मानसा और अबोहर सहित कई सीटों पर विशेष मंथन चल रहा है। अंतिम निर्णय स्क्रीनिंग कमेटी की सिफारिशों के बाद केंद्रीय नेतृत्व करेगा।




