
सब तक एक्सप्रेस।
लखनऊ। लोक भवन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में राज्य मंत्रिमंडल की महत्वपूर्ण बैठक जारी है। इस बैठक में प्रदेश के विकास से जुड़े कई अहम प्रस्तावों पर चर्चा के बाद मंजूरी दिए जाने की संभावना है।
सूत्रों के अनुसार, कैबिनेट बैठक में स्टांप एवं रजिस्ट्रेशन विभाग से संबंधित प्रस्तावों को प्रस्तुत किया जाएगा। इसके साथ ही उद्योग विभाग और परिवहन विभाग से जुड़े महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर भी निर्णय लिया जा सकता है। औद्योगिक विकास विभाग का एक अहम प्रस्ताव भी कैबिनेट के एजेंडे में शामिल बताया जा रहा है।
बैठक में व्यावसायिक संपत्ति को गिफ्ट डीड के दायरे में लाने का प्रस्ताव भी रखा जा सकता है। यदि इस पर मुहर लगती है तो व्यावसायिक संपत्तियों की गिफ्ट डीड रजिस्ट्री मात्र 5 हजार रुपये के स्टांप शुल्क पर संभव हो सकेगी, जिससे व्यापारियों और निवेशकों को बड़ी राहत मिल सकती है।
इसके अलावा जीसीसी (गवर्नमेंट कंस्ट्रक्शन कॉन्ट्रैक्ट) की गाइडलाइन पर भी कैबिनेट की मंजूरी मिलने की संभावना है। साथ ही प्रदेश में सेमीकंडक्टर पार्क की स्थापना से जुड़े प्रस्ताव पर भी विचार किया जाएगा, जिसे औद्योगिक विकास की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
कैबिनेट बैठक के फैसलों पर सभी की निगाहें टिकी हैं, क्योंकि इन निर्णयों से प्रदेश की अर्थव्यवस्था, निवेश और औद्योगिक माहौल को नई गति मिलने की उम्मीद है।



