
सब तक एक्सप्रेस।
लखनऊ/गाजीपुर। सदर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम सभा बयेपुर (मठिया) स्थित बिंद बस्ती में हाल ही में लगी भीषण आग से कई परिवारों के घर जलकर राख हो गए। इस हादसे में मुन्ना बिंद, जगदीश बिंद, सत्येंद्र बिंद, सुरेंद्र बिंद सहित अन्य लोगों की झोपड़ियां पूरी तरह नष्ट हो गईं। आग में घरों में रखा अनाज, कपड़े, बर्तन और रोजमर्रा का सामान भी जल गया, जिससे पीड़ित परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हो गए।
घटना की जानकारी मिलने पर समाजवादी पार्टी महिला सभा की प्रदेश सचिव पुनीता सिंह खुशबू स्वयं बस्ती में पहुंचीं और पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने ठंड को देखते हुए कंबल और खाद्य सामग्री का वितरण किया, जिससे पीड़ितों को कुछ राहत मिली।
इस मौके पर पुनीता सिंह ने कहा कि यह केवल कुछ परिवारों की नहीं, बल्कि पूरे समाज की पीड़ा है। उन्होंने प्रशासन और समाजसेवियों से आगे आकर मदद करने की अपील की और कहा कि नर सेवा ही नारायण सेवा है। साथ ही उन्होंने मांग की कि प्रशासन जल्द से जल्द पीड़ित परिवारों को राहत राशि, आवासीय सहायता और पुनर्वास की सुविधा उपलब्ध कराए।
मौके पर सपा नेता सूरज राम बागी, पिछड़ा दलित विकास महासंघ के जिलाध्यक्ष सुजीत साइकिल, सिंहासन यादव, अजय यादव सहित कई स्थानीय लोग मौजूद रहे। सभी ने पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।
— सब तक



