मुख्यमंत्री के आगमन से पहले एसएसपी ने लिया सिद्धार्थनगर महोत्सव स्थल की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा

संवाददाता: अर्जुन अग्रहरि।
सिद्धार्थनगर। सिद्धार्थनगर महोत्सव के उद्घाटन अवसर पर माननीय मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश के जनपद आगमन को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। इसी क्रम में सोमवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन ने बीएसए ग्राउंड स्थित महोत्सव स्थल एवं आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
एसएसपी डॉ. अभिषेक महाजन ने कार्यक्रम स्थल पर प्रवेश व निकास मार्गों, पार्किंग व्यवस्था, बैरिकेडिंग, मंच क्षेत्र, दर्शक दीर्घा सहित संवेदनशील स्थानों का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यातायात व्यवस्था को सुचारु रखा जाए और भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो।

निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों पर कड़ी निगरानी रखने, सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार मॉनिटरिंग करने तथा सुरक्षा कर्मियों की तैनाती प्रभावी ढंग से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मुख्यमंत्री के आगमन व सिद्धार्थनगर महोत्सव के उद्घाटन कार्यक्रम को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सकुशल संपन्न कराना पुलिस प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
गौरतलब है कि सिद्धार्थनगर महोत्सव का आयोजन 28 जनवरी से 1 फरवरी 2026 तक बीएसए ग्राउंड में किया जाएगा, जिसमें जनपद के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं।
निरीक्षण के दौरान संबंधित पुलिस अधिकारी एवं प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे।



