डीपीएस सीतापुर में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 का समापन समारोह संपन्न
राज्य मंत्री राकेश राठौर गुरु ने विद्यार्थियों को दिया सड़क सुरक्षा का संदेश

सब तक एक्सप्रेस।
सीतापुर। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 के अंतर्गत आयोजित जागरूकता कार्यक्रमों की श्रृंखला का समापन समारोह दिल्ली पब्लिक स्कूल, सीतापुर के प्रांगण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि माननीय राज्य मंत्री श्री राकेश राठौर गुरु द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। आयोजन का मुख्य उद्देश्य सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना और सुरक्षित यातायात को प्रोत्साहित करना रहा।
समारोह की अध्यक्षता माननीय राज्यमंत्री श्री राकेश राठौर गुरु ने की। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में एआरटीओ (प्रवर्तन) श्री सर्वेश चतुर्वेदी, पीटीओ श्री एम.ए. आब्दीन, आरआई श्री संजय प्रसाद तथा नोडल हायर एजुकेशन सुश्री सीमा सिंह सहित ट्रैफिक विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

अपने संबोधन में माननीय राज्यमंत्री श्री राकेश राठौर गुरु ने कहा कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन कर ही सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे स्वयं नियमों का पालन करें और समाज में भी सड़क सुरक्षा का संदेश फैलाएं। वहीं सीओ ट्रैफिक श्री आलोक प्रसाद ने हेलमेट, सीट बेल्ट और गति सीमा के पालन को अत्यंत आवश्यक बताया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से सड़क सुरक्षा से जुड़े संदेश दिए, जिसे उपस्थित अतिथियों और अभिभावकों ने सराहा। विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री आर. के. सिंह ने अतिथियों का स्वागत करते हुए आयोजन की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त की।
समारोह के अंत में उपस्थित सभी लोगों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई गई और नियमों के पालन के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम का समापन सकारात्मक संदेश और जागरूकता के संकल्प के साथ हुआ।



