बाबा महाकाल मिनरल्स के कर्मचारियों ने किया स्वैच्छिक रक्तदान
रक्तदान शिविर में कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा, मानवता की पेश की मिसाल

ब्यूरो चीफ – उमरिया: राहुल शीतलानी:
उमरिया। अधिकृत रेत ठेकेदार बाबा महाकाल मिनरल्स के कर्मचारियों ने शनिवार को स्वैच्छिक रक्तदान कर मानवता की मिसाल पेश की। आयोजित रक्तदान शिविर में कंपनी के कई कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्तदान कर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई।
रक्तदान शिविर के दौरान पूरे परिसर में उत्साह और सकारात्मक माहौल देखने को मिला। कर्मचारियों ने कहा कि रक्तदान महादान है और इससे किसी की जान बचाई जा सकती है। इस सराहनीय पहल की स्थानीय लोगों के साथ-साथ स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने भी प्रशंसा की।
इस अवसर पर बाबा महाकाल मिनरल्स के कंसल्टेंट अभिषेक निगम ने कहा कि रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं होता। उन्होंने बताया कि महाकाल मिनरल्स हमेशा सामाजिक सरोकारों के साथ खड़ा रहा है। आज सभी कर्मचारियों ने मिलकर यह संकल्प लिया है कि भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी और सामाजिक कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाते रहेंगे।
कर्मचारियों की इस सकारात्मक पहल से यह संदेश स्पष्ट रूप से सामने आया कि उद्योग और व्यवसाय के साथ-साथ समाज सेवा भी उतनी ही आवश्यक है।



