विकसित भारत की परिकल्पना को साकार करेगा केंद्रीय बजट : आशुतोष अग्रवाल
भाजपा कार्यालय उमरिया में केंद्रीय बजट को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित

सब तक एक्सप्रेस।
ब्यूरो चीफ: राहुल शीतलानी
उमरिया। भारतीय जनता पार्टी जिला उमरिया द्वारा 5 फरवरी को स्थानीय भाजपा कार्यालय में केंद्रीय बजट 2026-27 को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। प्रेस वार्ता को भाजपा जिला अध्यक्ष आशुतोष अग्रवाल ने संबोधित किया। इस दौरान भाजपा महामंत्री दीपक छतवानी, राधेलाल कोल, उपाध्यक्ष सुमित गौतम, अमित सिंह एवं जिला मीडिया प्रभारी कौशल विश्वकर्मा उपस्थित रहे।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में आशुतोष अग्रवाल ने कहा कि केंद्रीय बजट 2026-27 प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के विकसित और आत्मनिर्भर भारत के विजन का सशक्त दस्तावेज है। बजट में गरीब, युवा, नारी शक्ति, अन्नदाता, मध्यम वर्ग और उद्यमियों के कल्याण के लिए ठोस प्रावधान किए गए हैं। यह बजट सर्वस्पर्शी और सर्वसमावेशी है, जो रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म की भावना को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि बजट को राजनीतिक दृष्टिकोण से नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की नजर से देखा जाना चाहिए। देश के कुल कर्ज को जीडीपी के 56 प्रतिशत से घटाकर 50 प्रतिशत तक लाने की योजना, 7 हाई-स्पीड कॉरिडोर का निर्माण, 12.2 लाख करोड़ रुपये का कैपिटल एक्सपेंडिचर और सेमीकंडक्टर मिशन के लिए निवेश बढ़ाकर 40 हजार करोड़ रुपये करना देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करेगा।
स्वास्थ्य क्षेत्र को मिलेगा नया बल
आशुतोष अग्रवाल ने बताया कि स्वास्थ्य क्षेत्र में कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों की 17 दवाओं पर कस्टम ड्यूटी शून्य की गई है। एक लाख हेल्थ प्रोफेशनल्स की नियुक्ति, राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य संस्थान, हेल्थ टूरिज्म को बढ़ावा और जिला अस्पतालों में ट्रामा सेंटर की स्थापना जैसे प्रावधान किए गए हैं। महिलाओं के लिए हर जिले में हॉस्टल, केयर वर्कर्स और पेंशनर्स को सुविधाएं देने की भी घोषणा की गई है।
ग्रामीण अर्थव्यवस्था और युवाओं पर फोकस
उन्होंने कहा कि यह बजट ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने वाला है और आने वाले वर्षों में भारत को विश्व की अग्रणी अर्थव्यवस्था बनाने की दिशा में अहम कदम है। बजट में 15 हजार माध्यमिक शालाओं में कंटेंट क्रिएटर लैब, आईआईएम के सहयोग से 10 हजार टूरिस्ट गाइड तैयार करने और ‘खेलो इंडिया’ के माध्यम से खेलों को बढ़ावा देने की घोषणाएं युवाओं को रोजगार से जोड़ेंगी।
अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रस्तुत यह बजट तात्कालिक लाभ से आगे बढ़कर अगले 10-20 वर्षों में देश की दिशा तय करेगा और 2047 के विकसित भारत की नींव को और मजबूत करेगा। प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने पत्रकारों के सवालों का भी उत्तर दिया। इस अवसर पर जिले भर के प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के पत्रकार मौजूद रहे।



