उत्तर प्रदेशटॉप न्यूजबड़ी खबरराज्यराष्ट्रीयलखनऊसीतापुरसोनभद्र

सीएम योगी की सख्ती के बाद चाइनीज मांझे पर बड़ा एक्शन

लखनऊ में पतंग की दुकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी, उल्लंघन पर होगी कड़ी कार्रवाई

सब तक एक्सप्रेस।
लखनऊ। राजधानी लखनऊ में चाइनीज मांझे से हुई दर्दनाक मौत के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सख्ती का असर साफ दिखाई देने लगा है। हैदरगंज फ्लाईओवर पर चाइनीज मांझे से गर्दन कटने से एमआर शोएब की मौत के मामले का संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री ने प्रतिबंधित मांझे की बिक्री और इस्तेमाल पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसके बाद लखनऊ समेत प्रदेश के कई शहरों में प्रशासन और पुलिस एक्शन मोड में आ गई है।
सीएम के निर्देश के बाद डीसीपी पश्चिम विश्वजीत श्रीवास्तव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पुराने लखनऊ के कई इलाकों में पतंग की दुकानों पर छापेमारी की। कश्मीरी मोहल्ला सहित आसपास के क्षेत्रों में दुकानों की गहन जांच की गई। इस दौरान अब्दुल हामिद की पतंग की दुकान समेत कई प्रतिष्ठानों पर पुलिस ने चाइनीज मांझे की तलाश की और दुकानदारों को सख्त चेतावनी दी कि प्रतिबंधित मांझे की बिक्री किसी भी हालत में न की जाए।

पुलिस अधिकारियों ने दुकानदारों से स्टॉक की जानकारी ली और संदिग्ध सामग्री मिलने पर कड़ी कार्रवाई की बात कही। अधिकारियों का कहना है कि चाइनीज मांझा बेहद खतरनाक होता है, जो धातु या सिंथेटिक पदार्थों से बना होता है और इससे लोगों व जानवरों को गंभीर चोट या जान का नुकसान हो सकता है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि उत्तर प्रदेश में अब चाइनीज मांझे से हुई मौत को हत्या के मामले के रूप में दर्ज किया जाएगा। संयुक्त पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था बबलू कुमार ने बताया कि चाइनीज मांझे के भंडारण और बिक्री पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने आम जनता से भी अपील की है कि वे चाइनीज मांझे का उपयोग न करें और कहीं भी इसकी बिक्री की जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें। अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!