
सब तक एक्सप्रेस।
लखनऊ/हाथरस। उत्तर प्रदेश में अपराध की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। गुरुवार को हाथरस में बेखौफ बदमाशों ने भारतीय सेना के जवान अखिलेश सिंह की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी। घटना उस समय हुई जब वह किसी मामले में अदालत में तारीख पर जा रहे थे।
जानकारी के अनुसार अखिलेश सिंह अपनी कार से आगरा-अलीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित मुन्नी देवी कोल्ड स्टोरेज के पास पहुंचे ही थे कि तभी असलहों से लैस बदमाशों ने उनकी कार पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। पहले कार और टायर पर गोलियां चलाई गईं। जान बचाने के लिए जब जवान कार से उतरकर भागे तो बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और पैर व सिर में कई गोलियां मारकर मौत के घाट उतार दिया।
सरेराह हुई इस वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद हत्यारों की तलाश में चारों ओर नाकेबंदी की गई, हालांकि तत्काल कोई सफलता नहीं मिल सकी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले के खुलासे के लिए एसओजी सहित पुलिस की पांच टीमें गठित की गई हैं। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि टीमें अलग-अलग दिशाओं में जांच कर रही हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।
घटना के बाद से क्षेत्र में दहशत का माहौल है और लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।



