फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों का ‘धुरंधर’ अंदाज, फिल्म का गाना शेयर कर लिखा- थैंक यू इंडिया

फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने अपनी तीन दिवसीय सफल भारत यात्रा के बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा कर भारत को धन्यवाद दिया। उन्होंने भारत के आतिथ्य के लिए आभार व्यक्त किया।
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने शुक्रवार को अपनी तीन दिवसीय सफल भारत यात्रा को एक बेहद खास अंदाज में धन्यवाद किया। इमैनुएल मैक्रों ने अपनी यात्रा की कुछ यादगार पलों को साझा करते हुए भारत के आतिथ्य के लिए आभार व्यक्त किया।
दरअसल, फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भारत यात्रा के कुछ खास पलों को लेकर एक वीडियो पोस्ट किया। वीडियो के साथ उन्होंने लिखा- “Thank You, India”। इनके इस पोस्ट पर यूजर्स ने भारत में मिले गर्मजोशी भरे स्वागत और भारत-फ्रांस संबंधों के मजबूत होने के संदेश पर अपनी-अपनी प्रतिक्रया दी।
‘ना दे दिल परदेसी नु’ की धुन
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने जो वीडियो साझा किया है, उसमें धुरंधर’ फिल्म का गाना ‘ना दे दिल परदेसी नु’ बैकग्राउंड में बज रहा है। फ्रांसीसी नेता ने अपनी यात्रा की झलकियां 43 सेकंड के एक वीडियो में साझा की।
इस वीडियो में मैक्रों के औपचारिक स्वागत समारोह, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उनकी मुलाकात, मंदिर दर्शन, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और यहां तक कि मुंबई में सड़क पर जॉगिंग करते हुए के दृश्य भी शामिल हैं।
भारत-फ्रांस द्विपक्षीय बैठक
गौरतलब है कि भारत में मैक्रों की तीन दिवसीय यात्रा उच्च स्तरीय बैठकों और रणनीतिक चर्चाओं से भरी रही। उन्होंने इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 में भाग लिया और राजधानी में प्रधानमंत्री मोदी के साथ द्विपक्षीय बैठक की।
भारत-फ्रांस संबंधों के बारे में बात करते हुए, फ्रांसीसी राष्ट्रपति ने कहा कि द्विपक्षीय संबंध अपने सर्वोच्च स्तर पर हैं, और दोनों देश प्रौद्योगिकी, नवाचार और रणनीतिक क्षेत्रों में सहयोग को और गहरा करने के इच्छुक हैं।



