SL vs NZ: श्रीलंका और न्यूजीलैंड मैच का मजा किरकिरा कर सकती है बारिश, मुकाबला रद हुआ तो पाकिस्तान की लगेगी लॉटरी

टी-20 विश्व कप 2026 के सुपर-8 में आज न्यूजीलैंड और श्रीलंका की टक्कर होगी। इस मैच के दौरान बारिश की काफी संभावना है।
HighLights
- कोलंबो में होगी श्रीलंका-न्यूजीलैंड की टक्कर
- प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जाएगा मुकाबला
- दोनों ही टीमों के लिए काफी अहम है मैच
टी-20 विश्व कप 2026 के सुपर-8 में आज न्यूजीलैंड और श्रीलंका की टक्कर होगी। ग्रुप-2 की यह दोनों टीम कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में टकराएंगी। इस मुकाबले को जीतने वाली टीम को 2 अंक मिलेंगे। ऐसे में दोनों टीम हर हाल में यह मैच जीतना चाहेंगी।
हालांकि, हारने वाली टीम का सफर समाप्त हो सकता है। वहीं अगर यह मैच बारिश में धुल जाता है तो दोनों टीमों को 1-1 अंक दिया जाएगा। इस स्थिति में पाकिस्तान टीम की लॉटरी लग सकती है और उसकी सेमीफाइनल की राह आसान हो सकती है।
बारिश पहले भी डाल चुकी है खलल
बारिश ने टी20 विश्व कप 2026 के सुपर 8 चरण में टीमों के भाग्य का फैसला करने में खलल डाला है। लगातार भारी बारिश के कारण कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच का मैच रद हो गया। अब श्रीलंका और इंग्लैंड के बीच मैच में बारिश की भविष्यवाणी है।
बुधवार को कोलंबो में श्रीलंका और न्यूजीलैंड के बीच होने वाला यह मैच दोनों टीमों के लिए सेमीफाइनल में पहुंचने की दौड़ में बेहद महत्वपूर्ण है। आइए जानते हैं इस मैच के लिए मौसम का पूर्वानुमान क्या है।
मैच के दौरान बारिश की संभावना
मौसम वेबसाइट AccuWeather की रिपोर्ट के अनुसार, बारिश की संभावना कम है, लेकिन पूरी तरह से नकारा नहीं जा सकता। मैच से पहले मौसम साफ रहने की उम्मीद है। स्थानीय समयानुसार शाम 7 बजे से रात 9 बजे के बीच बारिश की 14% संभावना है। रात बढ़ने के साथ बारिश की संभावना काफी बढ़ जाएगी। रात 10 बजे के बाद बारिश की संभावना 49% और रात 11 बजे के बाद 58% तक पहुंच जाएगी।
ग्रुप 2 का गणित
ग्रुप 2 से इंग्लैंड ने सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई कर लिया है। इंग्लैंड ने 2 मैच खेले और दोनों में जीत दर्ज की। न्यूजीलैंड-पाकिस्तान का मैच रद हुआ ऐसे में दोनों टीमों को 1-1 अंक मिला। वहीं पाकिस्तान को 1 मैच में इंग्लैंड के हाथों हार मिली। दूसरी ओर इंग्लैंड ने श्रीलंका को भी शिकस्त दी।

पाकिस्तान की राह आसान
- न्यूजीलैंड और श्रीलंका का मैच अगर रद होता है तो पाकिस्तान की सेमीफाइनल की राह आसान हो सकती है।
- न्यूजीलैंड के 2 और श्रीलंका का 1 अंक हो जाएगा। शुक्रवार को इंग्लैंड अगर न्यूजीलैंड को हरा देती है तो कीवी टीम के 2 अंक ही होंगे।
- वहीं पाकिस्तान सुपर-8 के अपने आखिरी मैच में शनिवार को श्रीलंका से टकराएगा।
- अगर पाकिस्तान इस मैच में श्रीलंका को बड़े अंतर से हरा देता है और उसका नेट रन रेट पॉजिटिव हो जाता है तो श्रीलंका का 1 और पाकिस्तान के 3 अंक होंगे।
- ऐसे कंडीशन में इस ग्रुप से इंग्लैंड के बाद पाकिस्तान टीम सेमीफाइनल में पहुंच जाएगी।



