कटनी में मालगाड़ी पटरी से उतरी, कटनी–बिलासपुर रेलखंड बाधित; कई ट्रेनें प्रभावित

राहुल शीतलानी: उमरिया।
मध्य प्रदेश के कटनी में शनिवार सुबह बड़ा रेल हादसा हो गया। कटनी रेलवे स्टेशन के पास एक केबिन के समीप कोयला लदी मालगाड़ी पटरी से उतर गई। हादसे में मालगाड़ी के करीब छह डिब्बे पटरी से उतरकर क्षतिग्रस्त हो गए और ट्रैक पर ही बिखर गए, जिससे रेल ट्रैक को भी भारी नुकसान पहुंचा है।
घटना सुबह करीब 11 बजे की बताई जा रही है। हादसे की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया और मौके पर राहत व बहाली कार्य शुरू कर दिया गया। रेलवे की मशीनों और मजदूरों की मदद से क्षतिग्रस्त डिब्बों से कोयला खाली कराया जा रहा है ताकि ट्रैक को साफ कर मरम्मत का काम जल्द पूरा किया जा सके।
घटना की गंभीरता को देखते हुए जबलपुर मंडल के डीआरएम कमल तलरेजा भी मौके पर पहुंच गए और अधिकारियों के साथ हालात का जायजा लिया। उनके निर्देशन में ट्रैक बहाली का काम तेजी से जारी है।
मालगाड़ी के डिब्बे उतरने से कटनी–बिलासपुर रेलखंड का ट्रैक क्षतिग्रस्त हो गया है, जिसके चलते कटनी साउथ से बिलासपुर की ओर जाने वाला रेल मार्ग फिलहाल बंद कर दिया गया है। हादसे के कारण करीब आधा दर्जन यात्री ट्रेनें और दो दर्जन से अधिक मालगाड़ियों की आवाजाही प्रभावित हुई है। कुछ ट्रेनों को बीच रास्ते में रोका गया है, जबकि कुछ को वैकल्पिक मार्ग से चलाने की तैयारी की जा रही है।
रेलवे अधिकारी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और जल्द से जल्द ट्रैक बहाल कर रेल यातायात सामान्य करने की कोशिश कर रहे हैं। फिलहाल हादसे के कारणों की जांच भी शुरू कर दी गई है।



