‘ईरान युद्ध जीतने के लिए ब्रिटेन की मदद की जरूरत नहीं’, ट्रंप ने की ब्रिटिश पीएम कीएर स्टार्मर की आलोचना

राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि अमेरिका को ईरान युद्ध जीतने के लिए ब्रिटेन की मदद की जरूरत नहीं है, भले ही वह पश्चिम एशिया में दो विमानवाहक पोत भेजने पर विचार कर रहा हो।
-
ब्रिटिश पीएम स्टार्मर की अमेरिकी ठिकानों पर रोक की आलोचना
-
ब्रिटेन पश्चिम एशिया में विमानवाहक पोत भेजने पर विचार
राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने शनिवार को कहा कि ब्रिटेन पश्चिम एशिया में दो विमानवाहक पोत भेजने पर गंभीरता से विचार कर रहा है, लेकिन ईरान युद्ध जीतने के लिए अमेरिका को इनकी जरूरत नहीं है।
ट्रुथ सोशल पर ट्रंप ने ब्रिटिश प्रधानमंत्री कीएर स्टार्मर की आलोचना करते हुए कहा कि शुरुआत में ब्रिटिश ठिकानों के उपयोग से रोककर उन्होंने दोनों देशों के ऐतिहासिक रूप से घनिष्ठ संबंधों को बर्बाद करने में मदद की। ईरान के साथ संघर्ष के दौरान ब्रिटिश समर्थन की कमी को वह याद रखेंगे।
राष्ट्रपति ने क्या कहा?
ट्रंप ने कहा, “हमारा कभी का महान सहयोगी, शायद सबसे महान सहयोगी ब्रिटेन आखिरकार पश्चिम एशिया में दो विमानवाहक पोत भेजने पर गंभीरता से विचार कर रहा है। ठीक है, प्रधानमंत्री स्टार्मर, हमें अब उनकी जरूरत नहीं है, लेकिन हम याद रखेंगे। हमें ऐसे लोगों की जरूरत नहीं है, जो युद्ध जीतने के बाद उसमें शामिल हों।”
यह पोस्ट ब्रिटेन के रक्षा मंत्रालय द्वारा शनिवार को प्रिंस आफ वेल्स विमानवाहक पोत को संभावित तैनाती के लिए तैयार करने की घोषणा के बाद आया है। लेकिन एक ब्रिटिश अधिकारी ने कहा कि इसे पश्चिम एशिया भेजने के बारे में अभी कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है।
स्टार्मर ने अपने फैसले का किया बचाव
स्टार्मर ने ईरान पर शुरुआती हमलों में अमेरिकी सेना को ब्रिटिश ठिकानों का इस्तेमाल करने की अनुमति न देने के अपने फैसले का बचाव किया। उन्होंने कहा कि उन्हें इस बात से संतुष्ट होना जरूरी था कि कोई भी सैन्य कार्रवाई कानूनी और सुनियोजित हो।
बाद में उन्होंने अमेरिकी सेना को ब्रिटिश ठिकानों का इस्तेमाल करने की अनुमति दे दी, जिसे उन्होंने भंडारण डिपो या लांचरों में रखी ईरानी मिसाइलों के खिलाफ रक्षात्मक हमले बताया। ट्रंप की टिप्पणियों पर ब्रिटिश विदेश मंत्री यवेट कूपर ने कहा, ”इस पद पर रहते हुए मैंने जो सीखा है वह यह है कि आपको वास्तविक मुद्दों पर ध्यान देना चाहिए, न कि इंटरनेट मीडिया पोस्ट पर।’
(समाचार एजेंसी रॉयटर्स के इनपुट के साथ)



