चन्सुरा में सनसनीखेज वारदात: घर में अकेली महिला पर चाकू से हमला, गंभीर हालत में अस्पताल रेफर
उमरिया | सब तक एक्सप्रेस | ब्यूरो चीफ राहुल शीतलानी
उमरिया जिले के इंदवार थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चन्सुरा में रविवार देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। घर में अकेली रह रही 62 वर्षीय महिला पर अज्ञात लोगों ने चाकू और धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।
जानकारी के अनुसार, चन्सुरा निवासी रामलली मिश्रा (62 वर्ष) पति स्व. रमेश मिश्रा रविवार रात अपने घर में अकेली थीं। इसी दौरान अज्ञात हमलावरों ने घर में घुसकर उन पर चाकू से कई वार किए। हमलावरों ने महिला की पीठ पर कई बार चाकू मारा और सिर पर भी धारदार हथियार से हमला किया, जिससे वह लहूलुहान होकर घर के अंदर ही गिर पड़ीं।
सोमवार सुबह रोज की तरह गांव में दूध देने पहुंचे मंगल अहीर ने दरवाजा खटखटाया, लेकिन काफी आवाज देने के बाद भी जब दरवाजा नहीं खुला तो उन्हें संदेह हुआ। इसके बाद आसपास के लोग भी वहां इकट्ठा हो गए और पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घर के अंदर जाकर देखा तो महिला गंभीर हालत में खून से लथपथ पड़ी थीं। पुलिस ने तुरंत उन्हें इलाज के लिए बरही अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें कटनी रेफर कर दिया।
बताया जा रहा है कि रामलली मिश्रा घर में अकेली रहती थीं, जबकि उनके दोनों बेटे और बहुएं बाहर रहते हैं। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
इंदवार थाना प्रभारी विजय पाटले ने घटना पर दुख जताते हुए बताया कि पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। अज्ञात आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



