छत्तीसगढ़

मकान बनाने के नाम पर 20 लाख की ठगी, पैसे मांगने पर अंडरवर्ल्ड के नाम से मिली धमकी, FIR दर्ज

राजधानी रायपुर में मकान निर्माण के नाम पर लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित का आरोप है कि ठेकेदार ने घर के पुनर्निर्माण के लिए 20 लाख रुपये लेने के बाद भी काम पूरा नहीं किया।

राजधानी रायपुर में मकान निर्माण के नाम पर लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित का आरोप है कि ठेकेदार ने घर के पुनर्निर्माण के लिए 20 लाख रुपये लेने के बाद भी काम पूरा नहीं किया। जब उसने पैसे वापस मांगे तो अंडरवर्ल्ड से जुड़ा बताकर फोन पर जान से मारने की धमकी दिलाई गई।

मामला डीडीनगर थाना क्षेत्र का है, जहां पुलिस ने शिकायत के आधार पर ठेकेदार के खिलाफ धोखाधड़ी और धमकी की धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान रायपुर परिसर में कार्यरत सिक्यूरिटी अफसर बलराम नायक ने अवंति विहार निवासी ठेकेदार दिनेश देवांगन के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।

शिकायत में बताया गया कि महादेव घाट रोड स्थित सुदर्शन विहार में उनके निजी मकान का पुनर्निर्माण कराया जाना था। इसके लिए ठेकेदार को निर्माण कार्य की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। पीड़ित के अनुसार वर्ष 2024 से 2025 के बीच निर्माण कार्य के लिए ठेकेदार को करीब 20 लाख रुपये दिए गए। लेकिन इतनी बड़ी राशि लेने के बावजूद मकान का निर्माण कार्य पूरा नहीं किया गया।

कई बार कहने के बाद भी जब काम पूरा नहीं हुआ तो पीड़ित ने ठेकेदार से पैसे वापस करने की मांग की, लेकिन वह लगातार टालमटोल करता रहा। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि पैसे वापस मांगने पर ठेकेदार ने एक आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्ति से फोन करवाया। उस व्यक्ति ने खुद को अंडरवर्ल्ड डॉन छोटा शकील और दाऊद इब्राहिम से जुड़ा बताते हुए गोली मारने की धमकी दी और रकम वापस नहीं मांगने की चेतावनी दी।

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि ठेकेदार ने कुछ लोगों के साथ मिलकर एक फर्जी इकरारनामा तैयार किया और उस पर जबरन हस्ताक्षर कराने की कोशिश की। डीडीनगर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी और धमकी की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और सभी तथ्यों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!