हाथीनाला सड़क हादसे पर युवा कांग्रेस का हमला, सरकार पर “संस्थागत हत्या” का आरोप
वाराणसी–शक्तिनगर मार्ग को बताया “मौत का हाईवे”, मुआवजा और अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग
सतीश पाण्डेय/सब तक एक्सप्रेस।
सोनभद्र जिले के हाथीनाला क्षेत्र में हुए भीषण सड़क हादसे को लेकर युवा कांग्रेस ने भाजपा सरकार और प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। युवा कांग्रेस के महासचिव मृदुल मिश्रा ने प्रेस बयान जारी करते हुए कहा कि यह कोई सामान्य दुर्घटना नहीं, बल्कि प्रशासन की लापरवाही का नतीजा है, जिसमें दो लोगों को जिंदा जलकर अपनी जान गंवानी पड़ी।
उन्होंने कहा कि वाराणसी–शक्तिनगर मार्ग की हालत बेहद खराब है और यह सड़क अब “मौत का हाईवे” बन चुकी है। लगातार हो रही दुर्घटनाओं के बावजूद सरकार और जिम्मेदार अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
मृदुल मिश्रा ने प्रदेश के समाज कल्याण मंत्री संजीव सिंह गोंड पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि उनके क्षेत्र में ही सड़कों की बदहाल स्थिति चिंताजनक है। उन्होंने आरोप लगाया कि समय रहते सड़क चौड़ीकरण, डिवाइडर और अन्य सुरक्षा इंतजाम किए गए होते, तो यह हादसा टाला जा सकता था।
युवा कांग्रेस ने इस मामले में सरकार, जनप्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदार ठहराते हुए चार प्रमुख मांगें रखी हैं। इनमें वाराणसी–शक्तिनगर मार्ग को जल्द फोरलेन बनाने, दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में सुरक्षा उपाय लागू करने, मृतकों के परिजनों को 50 लाख रुपये मुआवजा और सरकारी नौकरी देने के साथ ही लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग शामिल है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द कोई ठोस कदम नहीं उठाया, तो युवा कांग्रेस सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी।



