उमरिया में नवागत कलेक्टर राखी सहाय ने संभाला पदभार
कलेक्ट्रेट परिसर का निरीक्षण, अधिकारियों संग बैठक कर योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर दिए निर्देश

उमरिया | राहुल शीतलानी, ब्यूरो चीफ
उमरिया जिले में नवागत कलेक्टर श्रीमती राखी सहाय ने सोमवार को पदभार ग्रहण कर लिया। पदभार संभालने के बाद उन्होंने स्पष्ट किया कि शासन की सभी योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से आम नागरिकों तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता रहेगी। साथ ही उन्होंने कहा कि जिले के अंतिम छोर तक विकास सुनिश्चित करना प्रशासन का मुख्य उद्देश्य होगा।
कलेक्टर राखी सहाय ने कहा कि उमरिया एक आदिवासी बाहुल्य जिला है, जहां विकास की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि पूरी प्रतिबद्धता के साथ वे जिले के समग्र विकास में अपना योगदान देंगी।

पदभार ग्रहण करने के बाद कलेक्टर ने संयुक्त कलेक्ट्रेट परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्टेनो कक्ष, जनजातीय कार्य विभाग, अपर कलेक्टर कार्यालय, संयुक्त कलेक्टर कार्यालय, एसडीएम कार्यालय, तहसील कार्यालय, महिला एवं बाल विकास विभाग, खाद्य शाखा, जनसंपर्क विभाग, आबकारी विभाग, डीपीसी कार्यालय, सहकारिता विभाग, रिकॉर्ड रूम, जिला योजना सांख्यिकीय विभाग और आवक-जावक शाखा सहित विभिन्न विभागों का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के उपरांत कलेक्टर सभागार में अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई, जिसमें उन्होंने शासकीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और जनहित कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
इस मौके पर सीईओ जिला पंचायत अभय सिंह, अपर कलेक्टर पी.के. सेनगुप्ता, संयुक्त कलेक्टर अमित सिंह, एसडीएम मानपुर हरनीत कौर कलसी, एसडीएम बांधवगढ़ अम्बिकेश प्रताप सिंह, डिप्टी कलेक्टर कमलेश नीरज, सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग पूजा द्विवेदी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।



