बट कोऑपरेटिव केंद्र पर किसानों का प्रदर्शन, डीएपी-यूरिया उपलब्ध कराने की उठाई मांग
'पेड़ हैं तो प्राण हैं' अभियान के तहत फलदार पौधों का वितरण, संदीप मिश्रा बोले— मांगें पूरी नहीं हुईं तो होगा बड़ा आंदोलन

घोरावल (सोनभद्र)। रिपोर्ट: क्षितीश चतुर्वेदी, सब तक एक्सप्रेस।
घोरावल विधानसभा क्षेत्र के बट कोऑपरेटिव केंद्र पर मंगलवार को किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा की ओर से ‘पेड़ हैं तो प्राण हैं’ अभियान के तहत किसानों को फलदार पौधों का वितरण किया गया। इसके बाद किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के दौरान किसानों ने समय पर डीएपी और यूरिया उपलब्ध कराने की मांग उठाई।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा के संयोजक संदीप मिश्रा ने कहा कि किसानों की अनदेखी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने जिला कृषि अधिकारी, जिलाधिकारी एवं संबंधित अधिकारियों से मांग की कि प्रत्येक किसान को प्रति बीघा एक बोरी डीएपी और एक बोरी यूरिया उपलब्ध कराया जाए, ताकि खेती का कार्य प्रभावित न हो। उन्होंने कहा कि यदि जल्द मांगें पूरी नहीं हुईं तो किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा बड़ा आंदोलन करेगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी।
रामकेश पनिका ने कहा कि किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा किसानों के अधिकारों की लड़ाई मजबूती से लड़ रहा है और आगे भी किसानों के हित में संघर्ष जारी रहेगा।
महेंद्र पटेल ने कहा कि यदि किसानों की मांगों की अनदेखी जारी रही तो आने वाले दिनों में जनप्रतिनिधियों का बहिष्कार किया जाएगा और आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा।
उमाशंकर सिंह ने आरोप लगाया कि सरकार किसानों की समस्याओं के समाधान के प्रति गंभीर नहीं है, जिससे किसानों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे। किसानों ने सहकारी समितियों पर पर्याप्त मात्रा में डीएपी और यूरिया उपलब्ध कराने की मांग की, ताकि उन्हें खेती के लिए खाद के लिए भटकना न पड़े। प्रदर्शन के अंत में किसानों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
कार्यक्रम में आकाश चौहान, शत्रुधन बिंद, दिनेश चेरो, विजय चौहान, विक्की पटेल, राजू मौर्य सहित सैकड़ों किसान उपस्थित रहे।



