क्राइम

अंकित बालियान हत्याकांड: शूटरों के करीब पहुंची STF, हरियाणा में 8 टीमों का डेरा

**मेरठ, उत्तर प्रदेश**

हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड की जांच में पुलिस और एसटीएफ को कई अहम सुराग मिले हैं। हत्याकांड में शामिल बताए जा रहे शूटरों की तलाश तेज कर दी गई है। मेरठ जोन के एडीजी भानु भास्कर के निर्देश पर गठित टीमें लगातार कार्रवाई कर रही हैं, जबकि एसटीएफ और पुलिस की आठ टीमें हरियाणा में संभावित ठिकानों पर नजर बनाए हुए हैं।

जांच में सामने आया है कि हत्याकांड में लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के सहयोगी माने जाने वाले गोगी गैंग की भूमिका हो सकती है। जांच एजेंसियों को राजेश उर्फ पंपू गैंग के कुछ लोगों की संलिप्तता के भी संकेत मिले हैं। पुलिस के अनुसार, वारदात को अंजाम देने वाले चार शूटरों की पहचान कर ली गई है।

बताया जा रहा है कि चारों आरोपियों में से एक के खिलाफ हत्या सहित गंभीर मुकदमे दर्ज हैं, जबकि अन्य तीन पहले छोटे आपराधिक मामलों में शामिल रहे हैं। जांच एजेंसियों को शक है कि आरोपियों ने अपने गैंग के सरगना के इशारे पर इस वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि एक शूटर को पंपू गैंग की ओर से शामिल किया गया था। उस पर वारदात से पहले अंकित बालियान की रेकी करने का शक है। इस सुराग के आधार पर पुलिस कई लोगों से पूछताछ कर रही है।

मेरठ जोन के एडीजी भानु भास्कर ने मामले के खुलासे के लिए कुल 15 टीमें लगाई हैं। इनमें एसटीएफ के साथ स्थानीय पुलिस की टीमें भी शामिल हैं। हरियाणा में आठ टीमें शूटरों की घेराबंदी के लिए लगातार दबिश दे रही हैं।

जांच में यह भी सामने आया है कि यूपी में प्रवेश करने से पहले बदमाशों ने अपने कपड़े बदल लिए थे। माना जा रहा है कि उन्होंने पहचान छिपाने और पुलिस को भ्रमित करने के लिए ऐसा किया। पुलिस ने शूटरों के कुछ करीबियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। हालांकि एसटीएफ अभी तक आरोपियों तक पूरी तरह पहुंच नहीं सकी है, लेकिन जांच एजेंसियां दावा कर रही हैं कि शूटरों की तलाश तेजी से जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Please enter comment in Japanese. (Anti-spam)

Back to top button
error: Content is protected !!