बाढ़ राहत और विकास कार्यों को लेकर डिप्टी सीएम ने दिए अहम निर्देश
जनपद कौशाम्बी में की समीक्षा बैठक, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

रिपोर्ट: सब तक एक्सप्रेस डेस्क, लखनऊ
लखनऊ/कौशाम्बी। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मंगलवार को कौशाम्बी जिले के मां शीतला देवी अतिथि गृह, सयारा में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति और विभिन्न विकास परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी ली।
उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बाढ़ और वर्षा से जिन लोगों के मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं, उन्हें मुख्यमंत्री आवास योजना के अंतर्गत तत्काल लाभ पहुंचाया जाए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट मोड पर रहने और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में मेडिकल कैंप लगाकर बीमारी की रोकथाम हेतु आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
किसानों को मिलेगा मुआवजा, ट्रांसफार्मर बदले जाएंगे
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि बाढ़ का पानी घटने के बाद फसलों की क्षति का सर्वे कराकर शीघ्र मुआवजा दिलाया जाए। वहीं, मां शीतला धाम में खराब ट्रांसफार्मर को तुरंत बदलने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि नगर निकायों के लिए ट्रांसफार्मर स्टॉक में रखे जाएं। विद्युत फाल्ट की सूचना मिलते ही तत्काल सुधार कार्य हो और ट्रांसफार्मर की क्षमता वृद्धि के प्रस्ताव शासन को भेजे जाएं।
फ्लाईओवर निर्माण व अमृत सरोवर पर भी चर्चा
उप मुख्यमंत्री ने अझुवा फ्लाईओवर निर्माण में तेजी लाने और वर्षा जल संचयन हेतु अमृत सरोवरों व तालाबों की स्थिति की समीक्षा के निर्देश दिए। उन्होंने रोपित पौधों के संरक्षण पर विशेष ध्यान देने को कहा।
स्वयं सहायता समूह और त्योहारों को लेकर निर्देश
जनपद में महिला स्वयं सहायता समूहों की समीक्षा करते हुए उन्हें उद्यम की दिशा में सुविधाएं उपलब्ध कराने की बात कही गई। साथ ही पुलिस विभाग को आगामी त्योहारों के मद्देनजर सजग रहने और आपराधिक घटनाओं पर कड़ी नजर रखने का निर्देश दिया।
स्वरोजगार व जल जीवन मिशन की प्रगति
उप मुख्यमंत्री ने युवाओं को सरकारी योजनाओं के अंतर्गत ऋण उपलब्ध कराकर स्वरोजगार के लिए प्रेरित करने को कहा। उन्होंने जल-जीवन मिशन को प्रधानमंत्री की सर्वोच्च प्राथमिकता वाली योजना बताते हुए, सभी समस्याओं के त्वरित समाधान की आवश्यकता बताई।
इंक्यूबेशन सेंटर तैयार, एक सप्ताह में होगा संचालन
बैठक में जिला उद्यान अधिकारी ने जानकारी दी कि इंक्यूबेशन सेंटर का निर्माण पूरा हो गया है और डेयरी लाइन की स्थापना हो चुकी है, जिसे एक सप्ताह में शुरू किया जाएगा। साथ ही उप मुख्यमंत्री ने अमरूद और केले की खेती को और बढ़ावा देने के निर्देश दिए।
इस बैठक में धर्मराज मौर्य, डीएम मधुसूदन हुल्गी, एसपी राजेश कुमार, सीडीओ विनोद राम त्रिपाठी समेत सभी संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।