उप मुख्यमंत्री केशव मौर्य ने किया अम्बेडकर पार्क का लोकार्पण व प्रतिमा का अनावरण

✍ रिपोर्ट: मदन कुमार केशरवानी | सब तक एक्सप्रेस, कौशाम्बी
कौशाम्बी। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मंगलवार को नगर पंचायत सिराथू के वार्ड नंबर-5, धाता रोड पर रु. 84 लाख की लागत से निर्मित नवनिर्मित अम्बेडकर पार्क का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा का भी अनावरण किया।
यह पार्क पंडित दीनदयाल उपाध्याय आदर्श नगर पंचायत योजना के अंतर्गत बनाया गया है, जो क्षेत्रीय विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की रही उपस्थिति
इस कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती कल्पना सोनकर, भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मराज मौर्य, पूर्व विधायक लाल बहादुर, शीतला प्रसाद उर्फ पप्पू पटेल, संजय गुप्ता, नगर पंचायत सिराथू अध्यक्ष राजेन्द्र कुमार उर्फ भोला यादव, मंझनपुर नगर पालिका अध्यक्ष वीरेंद्र फौजी, भरवारी नगर पालिका अध्यक्ष कविता पासी तथा उप मुख्यमंत्री के मीडिया प्रभारी भोले शंकर सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
प्रशासनिक अमला भी रहा सक्रिय
इस लोकार्पण कार्यक्रम में जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी, पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार, मुख्य विकास अधिकारी विनोद राम त्रिपाठी सहित कई अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे। उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों के कार्यों की सराहना की और जनहित में इसी तरह तत्पर रहने को कहा।
सामाजिक समरसता और प्रेरणा का प्रतीक
उप मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि “बाबा साहब की प्रतिमा न सिर्फ न्याय और समानता का प्रतीक है, बल्कि यह आने वाली पीढ़ियों को संविधान, अधिकार और कर्तव्यों के प्रति सजग रहने की प्रेरणा भी देगी।” उन्होंने कहा कि अम्बेडकर पार्क क्षेत्र के नागरिकों के लिए एक समर्पित स्थल होगा, जहां सामाजिक मेलजोल, सांस्कृतिक गतिविधियाँ और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा सकेंगे।