टाइगर के हमले में युवक गंभीर रूप से घायल, ग्रामीणों में दहशत का माहौल

रिपोर्ट – राहुल शीतलानी, ब्यूरो चीफ, उमरिया | सब तक एक्सप्रेस
उमरिया जिले के बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के मानपुर बफर जोन अंतर्गत आने वाली दमना बीट से गुरुवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। बाँसा गांव निवासी 28 वर्षीय मुनि राज पिता तेजभान सिंह पर एक बाघ ने हमला कर दिया, जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
यह खतरनाक हमला सुबह करीब 8 बजे उस समय हुआ, जब मुनि राज गांव के तालाब के पास अपने रोजमर्रा के कार्यों में लगा हुआ था। घटना दमना बीट के पीएफ 351 क्षेत्र के पास घटी।
हमले की जानकारी मिलते ही बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व की पार्क टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घायल को मानपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
इस हमले के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल फैल गया है। वन विभाग की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और गांववासियों को जंगल के पास जाने से बचने और सतर्क रहने की सलाह दी है।
यह घटना एक बार फिर से मानव और वन्यजीवों के बीच बढ़ते टकराव की गंभीरता को दर्शाती है। क्षेत्र के लोग अब खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं और प्रशासन से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम की मांग कर रहे हैं।
सब तक एक्सप्रेस इस घटना पर विशेष नजर बनाए हुए है।