काकोरी में कांग्रेस की ‘जय हिंद यात्रा’, शहीदों को दी श्रद्धांजलि

लखनऊ। काकोरी ट्रेन कांड की 100वीं वर्षगांठ पर जिला कांग्रेस पार्टी लखनऊ की ओर से ‘जय हिंद यात्रा’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व राष्ट्रीय महासचिव अविनाश पांडे और उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने किया, जबकि जिला अध्यक्ष रुद्र दमन सिंह, जिला कोऑर्डिनेटर प्रमोद सिंह और शरद मिश्रा ने अगुवाई की। यात्रा की शुरुआत शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि से हुई।
जिला सचिव पास्टर फिरोज मसीह (राजन भैया) ने कहा कि आज हम जो आजादी की सांस ले रहे हैं, वह उन वीर स्वतंत्रता सेनानियों की कुर्बानी का परिणाम है, जिन्होंने अपने प्राण देश के लिए न्यौछावर किए। उन्होंने याद दिलाया कि आजादी की लड़ाई में महिलाओं ने भी पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर बलिदान दिया।
पास्टर मसीह ने कहा कि कांग्रेस का हमेशा से नारा रहा है— “हिंदू, मुस्लिम, सिख, इसाई; आपस में सब भाई-भाई”— क्योंकि आजादी में सभी धर्मों के लोगों ने योगदान दिया और हमारा संविधान सभी को बराबर का अधिकार देता है।
इस अवसर पर सरोजनी नगर ब्लॉक के ओमप्रकाश सैनी, रेमंड रवि चरण, अनिल रावत, गोलू पाठक, सावित्री शुक्ला, शिव बहादुर सिंह, प्रमोद सिंह, महीप सिंह, मनोज भारगव, विजय सिंह समेत जिला कांग्रेस के हजारों कार्यकर्ता मौजूद रहे।